टेलर की टक्कर से दंपति की मौत, खेत से लौटते समय हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
टेलर की टक्कर से दंपति की मौत, खेत से लौटते समय हुआ हादसा


मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। वाराणसी-मीरजापुर हाईवे पर बरईपुर गांव के सामने शनिवार शाम करीब चार बजे दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। सर्विस रोड की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रहे टेलर ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी।

जमालपुर थाना क्षेत्र के रीवा जयपट्टी कलां निवासी 63 वर्षीय नन्दू राम पुत्र कल्लू राम और उनकी 55 वर्षीय पत्नी कृष्णावती वाराणसी से नरायनपुर की ओर स्कूटी से लौट रहे थे। बरईपुर के पास सोनभद्र कट मार्ग पर अचानक पीछे से आई तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से उन्हें रामनगर स्थित लालबहादुर शास्त्री चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर रामनगर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक नन्दू राम खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुत्र नागेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story