कानूनगो का रिश्वत लेने का विडियो वायरल, जिलाधिकारी ने निलंबित किया

WhatsApp Channel Join Now
कानूनगो का रिश्वत लेने का विडियो वायरल, जिलाधिकारी ने निलंबित किया


सोनभद्र, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में साेनभद्र जिले के ओबरा तहसील में सहायक अभिलेख अधिकारी के पेशकार के रूप में तैनात कानूनगो का रिश्वत लेते हुए विडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को बताया की ओबरा तहसील में प्रभारी पेशकार के पद पर कार्यरत कानूनगो सूबेदार सिंह द्वारा एक व्यक्ति से पैसा लिए जाने का वीडियो सामने आया है। मामले का संज्ञान लेते व प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने व शासकीय कार्यों में अनियमितता के मामले को गंभीरता से लेते हुए सूबेदार सिंह, सर्वे कानूनगो (प्रभारी पेशकार), कार्यालय सहायक अभिलेख अधिकारी, तहसील ओबरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में संबंधित कर्मचारी को तहसील घोरावल से संबद्ध किया गया है। उन्हें संबद्ध कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अनुपस्थित न रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी द्वारा नियमानुसार प्रकरण की जांच कर अपनी आख्या प्रस्तुत की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

Share this story