बागपत में भ्रष्ट पुलिस कर्मी लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में भ्रष्ट पुलिस कर्मी लाइन हाजिर


बागपत में भ्रष्ट पुलिस कर्मी लाइन हाजिर


बागपत, 12 नवंबर (हि.स.)। बागपत में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह का सख्त तेवर देखने को मिला है। पिछले कुछ दिनों में एसपी ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ विभाग के अंदर भ्रष्टाचार पर भी बड़ी कार्रवाई की है। अपराध करने वाले बदमाश हों या रुपये मांगने वाले पुलिसकर्मी, एसपी ने सख्त कदम उठाए हैं।

रमाला थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर खड़ाना में विपिन और सौरभ पर हुई गोलीबारी के मामले में एसपी ने त्वरित कार्रवाई की। एसपी ने दोनों फरार आरोपियों मोनू और धीरज की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। आरोपितों को पकड़ने के लिए 03 पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

रुपये मांगने वाले 03 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

एसपी की सख्ती का असर गुरुवार को पुलिस विभाग के अंदर भी दिखा। दोघट थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र और रिक्रूट आरक्षी संतोष पर एक व्यक्ति ने अभद्र व्यवहार और रुपये मांगने की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी। एसपी ने शिकायत मिलते ही तीनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया और क्राइम ब्रांच को 24 घंटे में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही बागपत कोतवाली क्षेत्र में 12 वर्षीय छात्रा मिस्टी की संदिग्ध मौत के मामले में भी एसपी के निर्देश पर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। स्कूल में हुई मारपीट, मेरठ में उपचार के रिकॉर्ड और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही गई है।

एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने साफ कहा है कि बागपत पुलिस भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिसकर्मियों के आचरण में अनुशासन और पारदर्शिता जरूरी है। सभी पुलिसकर्मी जनता की सेवा करें और ड्यूटी गंभीरता से निभाएं। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story