जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में जाने से पहले अन्नदाता मंच के संयोजक नजरबंद
मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित धरने में शामिल होने जा रहे अन्नदाता मंच के संयोजक एवं समाजसेवी चौधरी रमेश सिंह को पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद कर दिया। वह जमालपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
चौधरी रमेश सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी और दो कांस्टेबलों की तस्वीर साझा करते हुए नजरबंद किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा रवैया लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उनके मुताबिक, संविधान में दिए गए अधिकारों को कुचला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा दौर आपातकाल से भी बुरा है। चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि सरकार के रवैये से छात्र, किसान, नौजवान और व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने ऐसी ताकतों को सरकार में बने रहने के अधिकार पर भी सवाल उठाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

