महिलाओं को आरक्षण देने के बजाए राजनीति कर रही भाजपा : अविनाश पांडे

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं को आरक्षण देने के बजाए राजनीति कर रही भाजपा : अविनाश पांडे


कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पांडे महिला आरक्षण अधिनियम: सम्मान या छलावा संगोष्ठी में हुए शामिल

लखनऊ, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को महिलाओं के विषय पर महिला आरक्षण अधिनियम: सम्मान या छलावा संगोष्ठी का आयोजन राजधानी लखनऊ में किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रदेश भर से सैकड़ों की संख्या में आयी नारी शक्ति महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना और मुख्य वक्ता लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति एवं समाजसेविका रूपरेखा वर्मा और नाइस हसन एवं विचार विभाग के चेयरमैन एच.एल. दुसाध ने अपने विचार रखे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग की ओर से आयोजित संगोष्ठी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि महिलाएं बराबर की हकदार हैं। कांग्रेस ने अपने स्थापना काल से महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए अनवरत प्रयास जारी रखे। हमारी पार्टी की विचारधारा ने कभी भी भेदभाव नहीं किया, उसी का परिणाम था कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी कांग्रेस से थीं, जिन्होंने पूरे भारत का नाम रोशन किया। यह महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा महत्वपूर्ण कदम था। उसके बाद सोनिया गांधी, जो कांग्रेस की अध्यक्ष बनी और तमाम लोक कल्याणकारी योजनाएं महिलाओं के लिए बनाईं।

राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)आज आरक्षण की बात कर रही है, लेकिन उनकी नीयत पर सवाल है। 2023 में महिलाओं के आरक्षण को लेकर बिल पास हो चुका है जिसे पास कराने में कांग्रेस , हमारे नेता राहुल गांधी ने पूरे जोर-शोर से उस बिल को समर्थन दिया और पास कराने में मदद की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि हम सभी को जोड़कर और सभी को सम्मान देकर साथ लेकर चलते हैं। हम सभी मिलकर महिलाओं के अधिकार और हक की लड़ाई लड़ेंगे। अजय राय ने कहा कि भाजपा महिलाओं को सम्मान नहीं, सम्मान के नाम पर खिलवाड़ कर रही है। ये झूठे लोग हैं, इनकी नीयत झूठी है। हम सभी मिलकर हमेशा महिला सम्मान की लड़ाई लड़े हैं, और आगे भी लड़ेंगें।

संगोष्ठी में मुख्य वक्ता, समाज सेविका पूर्व कुलपति लखनऊ विश्वविद्यालय रूपरेखा वर्मा ने कहा कि हम पुरुषों से समांतर नहीं संयुक्त हक चाहते हैं। महिला आरक्षण बिल जब 2023 में पास हो गया था तो 2029 तक के लिए क्यों रोका। बिल जब पास 2023 में पास हुआ तो उसी समय कानून क्यों नहीं बनाया। ये महिलाओं से बहुत भद्दा मजाक था। रूपरेखा वर्मा ने कहा कि समाज में आरक्षण की जरूरत है क्योंकि एक लड़की के पैदा होने के पहले ही भेदभाव होने लगता है। इस नीयत को बदलना होगा। 2023 में पास महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन कर बीजेपी सीटों पर डकैती डालने की साजिश कर रही थी, जिसे कांग्रेस और राहुल गांधी ने पकड़ लिया। मैं कांग्रेस का धन्यवाद देती हूं जिन्होंने इसे रोका।

नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव महिलाओं के उत्थान के लिए काम किए। पंडित जवाहर लाल नेहरू और उनके पिता मोतीलाल नेहरू ने महिलाओं के अधिकारों की वकालत की। उन्होंने पार्टी के अंदर और बाहर महिलाओं को अधिकार की बात कही। पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण देकर सशक्त करने का काम तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने किया था। आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जो भाजपा के नेता आज महिला आरक्षण की वकालत करते घूम रहे हैं, वह उस समय राजीव गांधी द्वारा दिए गए, पंचायतों में महिला आरक्षण का विरोध कर रहे थे। भाजपा महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती।

सामाजिक कार्यकर्ता नाइस हसन ने संगोष्ठी में अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं के स्थित भारत में निरंतर गिरती जा रही है। ग्लोबल रिपोर्ट में भारत 141वें स्थान पर हैं। न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी बहुत कमजोर है। हमारे पुरखों ने तमाम बड़े काम किए। इंग्लैंड में वोट अधिकार 1918 में मिला उसमें महिलाओं की उम्र 30 साल और पुरुषों की उम्र 28 साल थी। बाद में यह 18 साल हुई। आरक्षण हमारा प्राकृतिक अधिकार है। पंचायतों में राजीव गांधी ने जो महिलाओं को अधिकार दिए। आरक्षण दिया, उससे 14 लाख से ज्यादा महिलाओं को अधिकार मिला। कांग्रेस ने महिलाओं को सदैव आगे बढ़ाने के प्रयास किए। भाजपा के लोग झूठी बात कहते हैं। 2014 में 282 सीटें होने के बावजूद महिला आरक्षण नहीं दिया।

संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के चेयरमैन एच. एल. दुसाध ने कहा कि भाजपा इस देश की आत्मा संविधान को खत्म करने पर लगी है। भारत का संविधान सभी को प्रतिनिधित्व देता है लेकिन बीजेपी नहीं चाहती कि लोगों को अधिकार मिले। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त चेयरमैन पूर्व विधायक सोहेल अंसारी का स्वागत किया गया।

संगोष्ठी से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे श्रद्धेय अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके चित्र पर नेताओं ने पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व विधायक सोहेल अंसारी, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव, मीडिया विभाग वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, वरिष्ठ प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रवक्ता अलीमुल्ला खान, सोशल मीडिया चेयरमैन शालिनी सिंह, विधि विभाग के चेयरमैन एड. अली आसिफ जमा रिजवी, शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉक्टर अमित राय सहित सैकड़ों की संख्या में प्रदेश भर से आईं महिलाएं और विचार विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story