देश की सुचारू व्यवस्था की रीढ़ हैं वाहन चालक, सरकार कर रही शोषण : राजेन्द्र पाल गौतम

WhatsApp Channel Join Now
देश की सुचारू व्यवस्था की रीढ़ हैं वाहन चालक, सरकार कर रही शोषण : राजेन्द्र पाल गौतम


देश की सुचारू व्यवस्था की रीढ़ हैं वाहन चालक, सरकार कर रही शोषण : राजेन्द्र पाल गौतम


जौनपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि वाहन चालक, किसान और मजदूर देश की अर्थव्यवस्था एवं व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके खून-पसीने की मेहनत से ही देश की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती हैं, लेकिन मौजूदा सरकार में इनका शोषण किया जा रहा है।

वह गुरुवार को जौनपुर में वाहन चालक कल्याण समिति की ओर से आयोजित सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, लोगों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने और घरों में राशन, भोजन व दवाइयां उपलब्ध कराने तक वाहन चालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोग आंख मूंदकर ड्राइवरों पर भरोसा करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पुलिस उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर वाहन चालकों के हित में योजनाएं बनाई जाएंगी। उनके बीमा, सुरक्षा और सम्मान के लिए उचित कानून बनाया जाएगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने हिट एंड रन कानून बनाकर वाहन चालकों के प्रति अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। वाहन चालक देश की तमाम व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, इसके बावजूद उनका शोषण हो रहा है।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र यादव ने चालकों की समस्याओं से संबंधित दस सूत्रीय मांगपत्र राजेन्द्र पाल गौतम को सौंपा। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को आए दिन पुलिस उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में बिना गलती के भी चालकों को दंडित किया जाता है। विशिष्ट अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ड्राइवरों, मजदूरों, किसानों, बुनकरों और आम आदमी के हितों की लड़ाई लड़ रही है। सम्मेलन में सैकड़ों वाहन चालक सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story