संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही भाजपा : राजेंद्र पाल गौतम

WhatsApp Channel Join Now
संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही भाजपा : राजेंद्र पाल गौतम


कांग्रेस ने लगाया लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और चुनी हुई सरकारें गिराने का आरोप, महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग

लखनऊ, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा और केंद्र सरकार पर संविधान तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद से लगातार बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की मूल भावना पर प्रहार कर रही है। बाबा साहब की जयंती से लेकर संविधान दिवस तक सरकार संविधान के बजाय अपना राजनीतिक विधान चलाना चाहती है।

राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में बने रहने के लिए लोकतांत्रिक परंपराओं और जनादेश की अनदेखी की है। उन्होंने उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में चुनी हुई सरकारों को गिराने, गोवा और मणिपुर में बहुमत के बिना सरकार बनाने तथा कर्नाटक और मध्य प्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए सरकारें बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में टूट का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि भाजपा ने विधायक और सांसद तोड़ने के साथ अब बहुमत जुटाने के लिए नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं।

संविधान संशोधन और परिसीमन पर सवाल

कांग्रेस नेता ने 131वें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब की जयंती पर संशोधन विधेयक सार्वजनिक किए गए और 16 अप्रैल को 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया। इसमें 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन और लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 करने का प्रस्ताव था। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया से जातिगत जनगणना और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की गई। गौतम ने दावा किया कि 17 अप्रैल को मतदान में विधेयक को आवश्यक समर्थन नहीं मिला और सरकार को इसे वापस लेना पड़ा।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के एक समूह के दूसरी पार्टी में शामिल होने के घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। गौतम ने आरोप लगाया कि 14 जून 2026 को टीएमसी के 28 में से 20 सांसदों को एक नई पार्टी में शामिल कराया गया और इसके बाद उसे एनडीए में शामिल कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इन सांसदों की सदस्यता को लेकर अयोग्यता संबंधी याचिकाएं लंबित हैं।

महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि भाजपा का इतिहास महिला आरक्षण के विरोध का रहा है। उन्होंने राजीव गांधी सरकार के दौरान पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि 2023 में संसद से पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का कांग्रेस ने समर्थन किया था, लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन की शर्तों से जोड़कर भविष्य के लिए टाल दिया गया। कांग्रेस की मांग है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल दिया जाए और इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए भी समुचित व्यवस्था हो।

आराधना मिश्रा ने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सशक्तीकरण के नाम पर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि आरक्षण लागू करने के मामले में ठोस कदम नहीं उठा रही है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना देश की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता और महिलाएं भाजपा की संविधान विरोधी नीतियों का जवाब देंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story