रमेश बिधूड़ी के खिलाफ यूपी महिला कांग्रेस ने थाने में दी तहरीर 

WhatsApp Channel Join Now
रमेश बिधूड़ी के खिलाफ यूपी महिला कांग्रेस ने थाने में दी तहरीर 


लखनऊ, 07 जनवरी (हि.स.)। भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी का अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ अमर्यादित, अभद्र बयान के खिलाफ उप्र कांग्रेस की महिला शाखा ने हजरतगंज थाने में तहरीर दी। महिला कांग्रेस ने कहा कि असल में भाजपा के तमाम नेताओं द्वारा समय-समय पर देश की आधी आबादी के लिए इस तरह के घटिया बयान दिये जाते रहे हैं, यही भाजपा का वास्तविक चाल चरित्र और चेहरा है।

प्रदेश कांग्रेस महिला प्रभारी शहला असरकारी ने कहा कि बिधूड़ी द्वारा प्रियंका गांधी के लिए दिये गये आपत्तिजनक बयान से पूरे देश के कांग्रेसजनों में रोष है। आज उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी शहला अहरारी, अनामिका यादव एवं उरूषा राणा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल हजरतगंज थाने पहुंचा और वहां जिम्मेदारी अधिकारियों से मिलकर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।

इस मौके पर सुशीला शर्मा, शीला मिश्रा, प्रज्ञा सिंह, हुस्नआरा, सिद्धि श्री, डॉ0 रिचा शर्मा, मेहताब जायसी, विभा त्रिपाठी, सुमन प्रजापति, मीना रावत आदि महिला कांग्रेस की पदाधिकारी मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

Share this story