टोल प्लाजा के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, पर्चे बांटकर चलाया जनजागरण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
टोल प्लाजा के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, पर्चे बांटकर चलाया जनजागरण अभियान


मीरजापुर, 08 जून (हि.स.)। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग और मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा को लेकर कांग्रेस ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अहरौरा नगर में जनजागरण अभियान चलाते हुए लोगों के बीच पर्चे बांटे और टोल वसूली के खिलाफ आवाज बुलंद की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का दल नगर के विभिन्न इलाकों में पहुंचा और लोगों को टोल प्लाजा से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बनस्थली महाविद्यालय के पास स्थापित अस्थायी टोल प्लाजा तथा विंध्याचल क्षेत्र में संचालित टोल प्लाजा को लेकर सवाल उठाए।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि टोल वसूली के नाम पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को प्रतिदिन आवागमन के दौरान अनावश्यक शुल्क देना पड़ रहा है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने लोगों से इस मुद्दे पर एकजुट होने और जनहित की लड़ाई में सहयोग करने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि टोल प्लाजा से संबंधित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार और रिहायशी इलाकों में जाकर लोगों से संवाद किया तथा पर्चों के माध्यम से अपनी बात रखी।

इस मौके पर गुलाब चंद्र पांडेय, सभासद मोहम्मद सलीम, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश साहनी, कन्हैयालाल पाठक, बृजेश द्विवेदी, जिला महासचिव इंद्रदेव शर्मा, जिला सचिव एवं नगर प्रभारी इरशाद अहमद, संतोष पांडेय, प्रदीप यादव, विद्याधर पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष जमालपुर राकेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story