पिछड़ों की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का आंकड़ा जुटाएगा पिछड़ा आयोग
- 29 नवंबर को पहुंचेगी टीम, 30 को अधिकारियों के साथ बैठक
- एक दिसंबर को राजगढ़ में भी होगा संवाद
मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का आकलन करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर आ रही है। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति रामअवतार सिंह के नेतृत्व में टीम 29 नवंबर की शाम मीरजापुर पहुंचेगी। अगले दिन अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आयोग की टीम 29 नवंबर को शाम 05:30 बजे जिले में पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद 30 नवंबर को सुबह 10 से 10:30 बजे तक जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ वार्ता और समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक अन्य पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
आयोग की टीम 30 नवंबर को भी जिले में रात्रि विश्राम करेगी। इसके बाद एक दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजगढ़ ब्लॉक सभागार में बैठक कर पिछड़ा वर्ग की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। बैठक के बाद टीम दोपहर एक बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी।
आयोग की टीम में अध्यक्ष न्यायमूर्ति रामअवतार सिंह के अलावा सेवानिवृत्त जिला जज बृजेश कुमार, सेवानिवृत्त अपर जिला जज संतोष कुमार विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया और डॉ. एसपी सिंह शामिल रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

