सीएमओ के औचक निरीक्षण में चार डॉक्टर समेत छह कर्मचारी गायब, कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सीएमओ के औचक निरीक्षण में चार डॉक्टर समेत छह कर्मचारी गायब, कार्रवाई के निर्देश


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। मंडलायुक्त विंध्याचल के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स तथा एक क्लर्क अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका का फोटो लेकर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी।

सीएमओ ने सीएचसी परिसर स्थित पश्चिमी छोर के गेट को खुलवाने संबंधी शिकायत की जांच के लिए अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनरल वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी एवं अस्पताल के अभिलेखों की भी जांच की।

निरीक्षण में डॉ. कौशलेंद्र सिंह, डॉ. प्रीति शर्मा, आरबीएसके के डॉ. मनीष विश्वास, डॉ. विकास सिंह, स्टाफ नर्स चांदनी तथा बड़े बाबू सतीश तिवारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका में अनुपस्थिति दर्ज करते हुए उसका फोटो अपने मोबाइल में सुरक्षित किया और कार्रवाई के लिए साथ ले गए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दवाओं, फर्नीचर तथा मरीजों की सुविधाओं से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता से मरीजों के उपचार और सुविधाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र ने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल परिसर में आवागमन के लिए छोटे और बड़े दोनों गेट पहले से संचालित पाए गए। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। साथ ही अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story