नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने संभाला कार्यभार


वाराणसी, 11 अगस्त(हि. स.)। वाराणसी में मंगलवार को नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने अपने पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि वाराणसी के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ, समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ जनसामान्य को स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं का समय से लाभ मिलना भी सुनिश्चित किया जाएगा। डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा, अनुश्रवण एवं आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. एन.पी. सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. सिंह ने उन्हें कहा कि जनहित सर्वोपरि है और वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता में निरंतर सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story