नवरात्र के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री योगी ने देवीपाटन मंदिर परिसर में किया कन्या पूजन, बालिका खिलाड़ी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री योगी ने देवीपाटन मंदिर परिसर में किया कन्या पूजन, बालिका खिलाड़ी सम्मानित


नवरात्र के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री योगी ने देवीपाटन मंदिर परिसर में किया कन्या पूजन, बालिका खिलाड़ी सम्मानित


नवरात्र के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री योगी ने देवीपाटन मंदिर परिसर में किया कन्या पूजन, बालिका खिलाड़ी सम्मानित


-भारतीय नारी ने प्रत्येक कालखंड में अपने साहस, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है -मुख्यमंत्री

-प्रदेश के लगभग 1.60 करोड़ स्कूली बच्चों को प्रतिवर्ष यूनिफॉर्म, पुस्तकें, स्कूल बैग, स्वेटर तथा जूते-मोजे सहित विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं : योगी

बलरामपुर , 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन परिसर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्या पूजन किया। ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ ही विराट किसान मेले एवं विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ कर किसानों को कृषि यंत्र भी प्रदान किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन ही रामराज्य की स्थापना का वास्तविक आधार है। जब प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे, तभी सशक्त समाज की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा कि मां भगवती की आराधना का वास्तविक अर्थ महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध होना है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए विजयदशमी पर भगवान श्रीराम के विजय उत्सव को उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के कई विद्यालयों में शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जिसका असर विशेष रूप से छात्राओं की शिक्षा पर पड़ता था। सरकार ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी से बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का काम हो रहा है। प्रदेश के लगभग 1.60 करोड़ स्कूली बच्चों को प्रतिवर्ष यूनिफॉर्म, पुस्तकें, स्कूल बैग, स्वेटर तथा जूते-मोजे सहित विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बनें।

मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंदिर परिसर में नवदुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का तिलक लगाकर विधिवत पूजन किया। उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उपहार और चॉकलेट भेंट किए। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की प्रगति एवं समृद्धि के लिए आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को आवास का मालिकाना अधिकार देने के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से उनके नाम गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। भारतीय संस्कृति एवं इतिहास में नारी शक्ति के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने माता जानकी, माता शबरी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान नारियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी ने प्रत्येक कालखंड में अपने साहस, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।

मुख्यमंत्री ने आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में मंडलायुक्त एवं जिला प्रशासन की ओर से संचालित ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल की सराहना की। उन्होंने विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के 12 छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र और पठन-पाठन सामग्री प्रदान की। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ, स्वरचित कविता और पुस्तक भेंट की। मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नौ बालिका खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया। इन खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, जूडो और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था।

मुख्यमंत्री ने विराट किसान मेले एवं विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ कर कृषि विभाग, उद्यान विभाग, रेशम विकास विभाग, पराग मिल्क और कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न संस्थाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि उत्पादों, आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों की जानकारी प्राप्त की।कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत दो लाभार्थियों को चाबियां तथा तीन किसानों को पावर स्प्रेयर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’, देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल तथा जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story