मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को देवरिया दाैरे पर, देंगे विकास कार्यों की साैगात

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को देवरिया दाैरे पर, देंगे विकास कार्यों की साैगात


देवरिया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को देवरिया जनपद के बरहज क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बरांव में आयोजित समारोह में रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार काे बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 26 जून को प्रातः 10:30 बजे गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर से प्रस्थान कर 10:55 बजे बरांव स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री 12:05 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और 12:10 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story