मुख्यमंत्री योगी आज बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आज बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर


मुख्यमंत्री योगी आज बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर


लखनऊ, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पहले बुलंदशहर पहुंचेंगे। योगी बुलंदशहर में रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर, खंडवाया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से मुख्यमंत्री नुमाइश मैदान के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री नुमाइश मैदान में 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा योगी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक,चाबी, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

बुलंदशहर के बाद मुख्यमंत्री अमरोहा पहुंचेंगे, जहां गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में 207 करोड़ रुपए से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी एवं लैपटॉप और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

अमरोहा दौरे के बाद मुख्यमंत्री संभल पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री इंट्रीग्रेटेड मुख्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। संभल के बाद मुख्यमंत्री बरेली होते हुए लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story