बदला हुआ गोरखपुर बनेगा देश के लिए विकास मॉडल : मुख्यमंत्री योगी
गोरखपुर, 14 जून (हि.स.)। गोरखपुर को विकास का बेहतरीन मॉडल बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में शहर ने बीमारी, बदहाल बुनियादी ढांचे, जलभराव, अपराध और पहचान के संकट से निकलकर विकास, सुशासन और आधुनिक सुविधाओं के नए युग में प्रवेश किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी नई परियोजनाओं के जरिए गोरखपुर आने वाले समय में देश के लिए एक आदर्श शहरी विकास मॉडल बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर में 926 करोड़ रुपये की लागत से 226 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदला हुआ गोरखपुर, बदलते उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की नई पहचान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर महानगर की लगभग एक हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। यह दिन प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक भी है, क्योंकि हम प्रदेश के सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण का शुभारंभ भी कर रहे हैं। इस योजना का लाभ आने वाले समय में प्रदेश के लगभग दाे करोड़ बच्चों को मिलेगा। अगर बचपन सुरक्षित है, तो भविष्य भी सुरक्षित है। इस बचपन को मजबूत बनाने के लिए सबसे पहले गर्भवती महिलाओं में कुपोषण की समस्या का समाधान करना आवश्यक है। जब मां स्वस्थ होगी, तभी बच्चा स्वस्थ होगा। जो भी बच्चा पैदा होता है, उसके जीवन के प्रारंभिक हजार दिन बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि इन हजार दिनों में बच्चे की उचित देखभाल की जाए, तो न केवल उस परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के लिए एक सशक्त नींव तैयार होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चा केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि समाज का और अंततः पूरे राष्ट्र का भविष्य होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हमने वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से प्रयागराज में 'टेक होम राशन' (टीएचआर) प्रणाली शुरू की थी। इसके तहत 4000 से अधिक महिला स्वयंसेवी समूहों द्वारा प्रदेश के विभिन्न विकास खंडों में प्लांट स्थापित किए गए, जहां धात्री महिलाओं और कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक रेसिपी तैयार करके अनुपूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। जहां टीएचआर प्लांट से सीधे वितरण संभव नहीं है, वहां नेफेड के माध्यम से सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों को गिनाया।
उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए। कोई देश जो कभी अपनी पहचान के लिए मोहताज था, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था जिसकी पहचान बन चुकी थी, ऐसे देश में जब एक महान व्यक्तित्व नेतृत्व करता है, तो वह देश दुनिया के सामने गौरव के साथ सिर ऊंचा करके चलने लगता है। मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को हम एक महान नेता के नेतृत्व में एक महान देश की ऐतिहासिक यात्रा के रूप में देख रहे हैं। इस महान यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए मैं गोरखपुर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के वासियों से आह्वान करता हूं कि वे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस विकास प्रक्रिया में अपना पूर्ण योगदान दें।
सोमवती अमावस्या स्नान पर सीएम की अपील
अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि कल जो लोग सोमवती अमावस्या पर नदियों में स्नान करने जाएं, वे बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करें। गर्मी अवश्य है लेकिन गहरे पानी में न जाएं। बच्चों का भी विशेष ध्यान रखें। सुरक्षित रहें, स्वयं को और परिवार को किसी भी प्रकार की असमय दुर्घटना से बचाएं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, विमलेश पासवान, सरवन निषाद, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

