विंध्य के विकास पर मुख्यमंत्री सख्त, मीरजापुर में समीक्षा बैठक कर अफसरों को तय समय में योजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विंध्य के विकास पर मुख्यमंत्री सख्त, मीरजापुर में समीक्षा बैठक कर अफसरों को तय समय में योजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश


मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मीरजापुर में अष्टभुजा स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में विंध्य मंडल के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी प्रस्ताव तय समयसीमा के भीतर शासन को भेजे जाएं।

बैठक में मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों से जुड़े ग्राम सड़क, प्रमुख जिला मार्ग, सेतु निर्माण, बाईपास, धार्मिक पर्यटन और अन्य विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी प्रस्ताव 15 जुलाई तक शासन को भेज दिए जाएं तथा 15 अगस्त तक स्वीकृत योजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव उपलब्ध कराने और जिलाधिकारियों को उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समय पर जनता तक पहुंचना चाहिए।

समीक्षा के दौरान मीरजापुर की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, मतवार मार्ग की मरम्मत तथा आवश्यक स्थानों पर इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए गए। वन भूमि से जुड़े मामलों में शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर कार्यों में तेजी लाने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री ने विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले मार्गों की साफ-सफाई, सुंदरीकरण, अतिक्रमण हटाने और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विंध्यधाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में नटवां रेलवे अंडरपास में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story