मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर में करेंगे पूर्वी यूपी के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन
गोरखपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) के सहयोग से बने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर टीसीएस एवं टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन भी उपस्थित रहेंगे। एमपीआईटी, पूर्वी उत्तर प्रदेश में देश की आजादी से पहले शिक्षा की अलख जगा रहे महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद का नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी शिक्षण संस्थान है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन अवसर पर ‘एआई अवेयरनेस फॉर आल’ ट्रेनिंग वर्कशॉप का भी शुभारंभ होगा। इस वर्कशॉप में प्रतिभागियों की संख्या के लिहाज से विश्व कीर्तिमान रचने की भी तैयारी की गई है।
एमपीआईटी में टीसीएस के सहयोग से पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हुआ है। इसे विश्व स्तरीय मानक के अनुरूप विकसित किया गया है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ढांचागत निर्माण पर 19.35 करोड़ रुपये, फर्नीचर व फर्निशिंग पर 2.40 करोड़, ड्रोन टेक्नोलॉजी सेंटर पर 1.84 करोड़, एआई सेंटर पर 9.56 करोड़, स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर पर 2.09 करोड़, साइबर सिक्योरिटी सेंटर पर 6.19 करोड़ और थ्री डी प्रिंटिंग सेंटर पर 6.79 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कॉम्प्लेक्स में ड्रोन टेक्नोलॉजी एंड थ्री डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, थ्री डी प्रिंटिंग समेत एकीकृत पाठ्यक्रम संचालित होंगे।
एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल का कहना है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं (लैब्स) स्थापित की गई हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, ड्रोन टेक्नोलॉजी लैब, थ्री-डी प्रिंटिंग लैब और स्पेस टेक्नोलॉजी लैब शामिल हैं। यहां कौशल विकास से नवाचार को प्रेरित किया जाएगा जिससे स्टार्टअप्स को बढ़ावा बढ़ावा मिलेगा और रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। समग्र रूप में देखें तो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का लक्ष्य इंटीग्रेटेड इनोवेशन ईकोसिस्टम का निर्माण करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

