प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी ने की समीक्षा
——भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर,पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश
वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था, जगह-जगह दिशा सूचक साइनबोर्ड लगाने और समुचित बैरिकेडिंग कराने पर जोर दिया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने तथा पर्याप्त लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। घाटों पर मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
——स्वयंसेवी संगठनों की भी ली जाएगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों और बड़े कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। एयर शो जैसे बड़े आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए, ताकि व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।
उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही घाटों की विशेष सफाई और पूरे शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने पर भी जोर दिया।
——शहर की साज-सज्जा और स्वच्छता पर जोर
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा।
——अधिकारियों ने प्रस्तुत किया तैयारियों का खाका
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से अवगत कराया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
बैठक में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी तथा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम और सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

