दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


गोरखपुर, 10 जुलाई (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान गुरु गोरक्षनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया जाएगा, ताकि विकास कार्यों को और गति मिल सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रातः जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान वे फरियादियों से सीधे संवाद करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देंगे। जनता दर्शन मुख्यमंत्री की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जहां दूर-दराज से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं।

दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री कुशीनगर जनपद के रामकोला विधानसभा क्षेत्र के टेकुआटार स्थित चंद्रशेखर आज़ाद मिनी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गोरखपुर, कुशीनगर एवं रामकोला में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story