प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के आदर्श हैं : योगी आदित्यनाथ
-मुख्यमंत्री योगी ने रामनवमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
लखनऊ, 27 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी पर्व की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है कि धर्म, सत्य और मर्यादा के श्रेष्ठतम प्रतीक प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव ‘श्री रामनवमी’ की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के वे आदर्श हैं, जिनमें करुणा और कर्तव्य का अद्भुत संतुलन है। उनका जीवन स्मरण कराता है कि शक्ति का सौंदर्य मर्यादा में है और विजय का अर्थ लोकमंगल में।
रामनवमी का यह पावन दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम अपने आचरण में सत्य, व्यवहार में करुणा और समाज में समरसता को स्थान दें, यही 'रामत्व' का सच्चा उत्सव है। प्रभु श्री राम की कृपा से आप सभी के जीवन में शांति, संतुलन और सद्भाव बना रहे, यही मंगलकामना है। जय श्री राम!
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

