रक्षामंत्री राजनाथ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाएंगे ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी, काशी से वडनगर रवाना होंगे पांच सौ सेवा यात्री

WhatsApp Channel Join Now
रक्षामंत्री राजनाथ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाएंगे ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी, काशी से वडनगर रवाना होंगे पांच सौ सेवा यात्री


वाराणसी, 14 सितम्बर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर से होगी।

इसी क्रम में काशी से वडनगर तक निकलने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। भाजपा की ओर से देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सेवा संकल्प यात्रा को लेकर सर्किट हाउस में आयोजित व्यवस्था टोली की बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि काशी से वडनगर और वडनगर से काशी की यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का यह अभियान है। वडनगर मोदी के संघर्ष और प्रारंभिक जीवन का प्रतीक है, जबकि काशी उनकी आस्था, संस्कृति और वर्तमान जनसेवा की कर्मभूमि का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में यात्रा 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम और 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे। विभिन्न राज्यों से आने वाले युवा इस यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान लाभार्थियों से संवाद और विभिन्न सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जे.पी.एस. राठौर ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम में सेवा यात्रियों द्वारा गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। वहां 11 हवन कुंडों पर हवन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सभी सेवा यात्रियों की मंगलकामना की जाएगी। बटुक मंत्रोच्चार करेंगे, यात्रियों का तिलक किया जाएगा। डमरू दलों का वादन तथा साधु-संतों का आशीर्वाद यात्रा को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देगा। बाबा विश्वनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि इस प्रकार की सेवा संकल्प यात्रा भाजपा के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को निरंतर सेवा का उदाहरण बताते हुए कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से युवा सेवा यात्री आ रहे हैं। उन्होंने व्यवस्था टोली से कहा कि यात्रियों के ठहरने, भोजन, स्वागत और कार्यक्रमों की पूरी व्यवस्था पहले से तय हो। यात्रा के दौरान लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सहकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं, पीएम श्री, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े लाभार्थियों से संवाद किया जाए। उन्होंने मंचीय भाषणों को न्यूनतम रखते हुए सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए मिनट-टू-मिनट तैयारी होनी चाहिए। 16 सितंबर को करीब 500 सेवा यात्रियों के आवास, भोजन, वाहन और होटलवार कमरा आवंटन पहले से तय करने के निर्देश दिए गए। 17 सितंबर को 50 सेवा यात्रियों को सुबह 9:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाने तथा वहां से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

तीन बड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यक्रम का वृत्त लिया और बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के कार्यक्रम का समन्वय शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, प्रदर्शनी का समन्वय राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के कार्यक्रम का समन्वय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और महापौर अशोक तिवारी करेंगे।

बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, रविंद्र जायसवाल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा रोहित मिश्रा, महापौर अशोक तिवारी, काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या मौजूद रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story