यूपी को कर हिस्सेदारी के अग्रिम भुगतान पर सीएम योगी ने जताया पीएम मोदी का आभार

WhatsApp Channel Join Now
यूपी को कर हिस्सेदारी के अग्रिम भुगतान पर सीएम योगी ने जताया पीएम मोदी का आभार


-19,208 करोड़ रुपये के अग्रिम भुगतान पर सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री को भी धन्यवाद दिया

लखनऊ, 01 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति उत्तर प्रदेश को करों के बंटवारे (टैक्स डिवोल्यूशन) की अग्रिम किस्त के रूप में 19,208 करोड़ रुपये जारी किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री योगी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का उत्तर प्रदेश को करों के बंटवारे (टैक्स डिवोल्यूशन) की अग्रिम किस्त के रूप में 19 हजार 208 करोड़ जारी किए जाने पर हार्दिक आभार। समय पर मिला यह सहयोग सहकारी संघवाद की भावना को प्रतिबिंबित करता है।

योगी ने कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से राज्य की वित्तीय क्षमता और सुदृढ़ होगी तथा विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के निर्माण और जनकल्याणकारी पहलों को नई गति मिलेगी। हम सभी मिलकर एक अधिक सशक्त और समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story