डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर पर ‘ब्रह्मोस’ से मुख्यमंत्री योगी ने दी 'दुश्मन' को चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर पर ‘ब्रह्मोस’ से मुख्यमंत्री योगी ने दी 'दुश्मन' को चेतावनी


-ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का खास संदेश, आतंक का जवाब दुश्मन के दरवाजे पर देगी मोदी सरकार

लखनऊ, 07 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सेना एवं सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन कर रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया है। मुख्यमंत्री योगी ने अपनी डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर फोटो में ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ को स्थान देकर दुश्मनों को मजबूत संदेश दिया है।

सात मई 2025 की वह रात देश कभी नहीं भूल सकता, जब भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। उसी रात भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर साझा करते हुए “Justice is Served” लिखा था। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई को देखा।

प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बदली डीपी

उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर के प्रति सम्मान प्रकट किया। देशभर में आम नागरिक भी इस अभियान से जुड़ी तस्वीरों और प्रतीकों को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया अकाउंट पर डीपी में ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर के अलावा एक स्पष्ट रणनीतिक संदेश भी नजर आया। उनकी कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल को प्रमुखता से दिखाया गया, जिसे भारत की सबसे ताकतवर सुपरसोनिक मिसाइलों में गिना जाता है। इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ आक्रामक नीति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर कहर बनकर टूटने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का उत्तर प्रदेश से खास संबंध है। अब इसका उत्पादन लखनऊ में किया जा रहा है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए रक्षा उत्पादन क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। योगी सरकार लगातार यह संदेश देती रही है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ कृषि और संस्कृति का प्रदेश नहीं, बल्कि रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत का भी बड़ा केंद्र बन रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मंचों से ब्रह्मोस मिसाइल और भारत की सैन्य ताकत का उल्लेख करते रहे हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत के उस संकल्प की घोषणा थी कि आतंक का जवाब अब कूटनीति की मेज़ पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाज़े पर दिया जाएगा।” उनके इस बयान को पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की बदली रक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के रूप में देखा जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर बदली गई डीपी और कवर फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। समर्थक इसे राष्ट्रवाद और सैन्य सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी योगी आदित्यनाथ के इस डिजिटल संदेश की चर्चा हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story