हर जिले के खास व्यंजनों को मिलेगा वैश्विक बाजार, तहसील से गांव स्तर तक बढ़ेगा एक जनपद-एक व्यंजन अभियान : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
हर जिले के खास व्यंजनों को मिलेगा वैश्विक बाजार, तहसील से गांव स्तर तक बढ़ेगा एक जनपद-एक व्यंजन अभियान : योगी आदित्यनाथ


- बोले मुख्यमंत्री- प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और पाक कला को पहचान दिलाने के लिए तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर तक चलेगा अभियान

- मुख्यमंत्री ने कहा- गुणवत्ता और शुद्धता से कोई समझौता नहीं, दुनिया उत्तर प्रदेश के व्यंजनों के पीछे आएगी

लखनऊ, 05 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'एक जनपद-एक व्यंजन' कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और खानपान की विविधता को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' (ओडीओसी) अभियान को अब तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर तक ले जाया जाएगा। अभी तक जिला स्तर पर चिह्नित व्यंजनों के अलावा भी प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे पारंपरिक पकवान हैं, जिन्हें पहचान और बाजार उपलब्ध कराने की जरूरत है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक क्षेत्र के खास व्यंजनों को मंच मिले, उन्हें तकनीक और बेहतर पैकेजिंग से जोड़ा जाए तथा वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले की अपनी अलग खानपान की परंपरा और विशेष स्वाद है। इसे पहचानने और आगे बढ़ाने की जरूरत है। बलिया का बाटी-चोखा, जौनपुर की इमरती और अलग-अलग जिलों के पारंपरिक पकवानों में वैश्विक बाजार में जगह बनाने की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन व्यंजनों की गुणवत्ता, शुद्धता और पैकेजिंग पर ध्यान दिया जाए तो ये बड़े ब्रांड बन सकते हैं।

आगे वही संस्थान और व्यवस्था बढ़ती है, जो जनता की नब्ज पहचान कर उसकी भावनाओं का सम्मान करती है

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आगे वही संस्थान और व्यवस्था बढ़ती है, जो जनता की नब्ज पहचान कर उसकी भावनाओं का सम्मान करती है। ओडीओसी भी इसी सोच का हिस्सा है। इसका उद्देश्य कारीगरों, हलवाइयों और घरों में व्यंजन बनाने वाली माताओं-बहनों के श्रम और हुनर को सम्मान देना है। यह स्वदेशी मॉडल और लोकल टू ग्लोबल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। हमें अपने स्थानीय उत्पादों के लिए वोकल होना होगा। भारतीय परंपरा में अन्न को हमेशा सम्मान दिया गया है। हमारे शास्त्रों में अन्न को ब्रह्म का स्वरूप मानते हुए 'अन्नम ब्रह्म' कहा गया है। जैसा अन्न हम खाते हैं, वैसा ही हमारा मन और स्वास्थ्य बनता है।

वर्ष 2018 में शुरू की 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' योजना

मुख्यमंत्री योगी ने 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) योजना की शुरुआत की सोच भी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का लोक कल्याण संकल्प पत्र तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने उत्तर प्रदेश की ताकत के रूप में यहां की पारंपरिक खेती और परंपरागत उद्यमों को एक साथ आगे बढ़ाने की बात कही थी। उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अमित शाह ने उन्हें मुरादाबाद के पीतल उद्योग, अलीगढ़ के ताला उद्योग और वाराणसी की साड़ी जैसे पारंपरिक उत्पादों का उदाहरण देकर परंपरागत उद्यमों की ताकत समझाई थी। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद उन्हें म्यांमार की यात्रा के दौरान थाईलैंड में रुकने का अवसर मिला। वहां के अधिकारियों से अर्थव्यवस्था की मजबूती के बारे में बातचीत हुई तो उन्होंने भी पारंपरिक खेती के साथ मैन्युफैक्चरिंग को जोड़ने को आर्थिक विकास का आधार बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की एक समिति गठित कर प्रदेश के 75 जिलों के पारंपरिक उत्पादों की पहचान करने को कहा। सर्वे में 58 जिलों में विशिष्ट उत्पादों की जानकारी मिली, तब बाकी जिलों के लिए भी उत्पाद चिह्नित करने की तैयारी की गई। इसके बाद सभी 75 जिलों के लिए एक-एक विशिष्ट उत्पाद तय किया गया। वर्ष 2018 में ओडीओपी योजना शुरू की गई। इसके तहत उत्पादों को तकनीक, बाजार और ब्रांडिंग से जोड़ा गया।

प्रदेश में लगभग 80 उत्पादों को जीआई टैग

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज ओडीओपी के माध्यम से उत्तर प्रदेश करीब दो लाख करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात कर रहा है। प्रदेश में लगभग 80 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है। जीआई टैग से उत्पादों की विशिष्ट पहचान और वैश्विक बाजार में उनकी विश्वसनीयता बढ़ती है। इसी सफलता से प्रेरित होकर पिछले तीन-चार वर्षों से ओडीओसी की संभावनाओं पर काम किया जा रहा था। वह जब भी किसी जिले में जाते थे तो वहां के खानपान की अलग विशेषता देखने को मिलती थी। इसके बाद एक टीम को बिना किसी प्रचार के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई। इस सर्वे में कई ऐसे व्यंजन सामने आए, जिनकी पहचान अभी व्यापक स्तर पर नहीं हो पाई है। पिछले वर्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों ओडीओसी की शुरुआत की गई थी। अब इसे और व्यापक बनाने की जरूरत है। सीएम ने खाद्य उत्पादों की बाजार क्षमता का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया की बड़ी खाद्य कंपनियों में शामिल नेस्ले का कारोबार करीब नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जो उत्तर प्रदेश सरकार के वार्षिक बजट के बराबर है।

महिला समूह बनाकर भी परिवार अतिरिक्त आमदनी कर सकते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओसी अभियान को गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इससे छूटे हुए व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों की पहचान हो सकेगी। प्रयास होगा कि पात्र उत्पादों को जीआई टैग मिले और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने के साथ आगे बढ़ने के लिए जरूरी सहयोग भी दिया जाए। इस अभियान से हलवाइयों, कारीगरों और उन परिवारों को भी रोजगार मिलेगा, जिनके पास फिलहाल आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। महिला समूह बनाकर भी परिवार अतिरिक्त आमदनी कर सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार ने पारंपरिक कारीगरों, हलवाइयों और घरेलू स्तर पर खाद्य उत्पाद बनाने वाले परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना लागू की है। इसके तहत पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण दिया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश दिवस पर बुलंदशहर की महिला उद्यमी को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया

मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर की एक महिला उद्यमी का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर उन्हें यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया था। जब उनके पास कोई काम नहीं था तो उन्होंने 500 रुपये उधार लेकर दिल्ली में अचार बनाने का काम शुरू किया। आज वह महिला 'अचार वाली दीदी' के नाम से प्रसिद्ध हैं और बुलंदशहर की करीब 500 महिलाओं को रोजगार दे रही हैं। आगे बढ़ने के लिए इच्छाशक्ति और मेहनत जरूरी है। यदि व्यक्ति में काम करने का संकल्प हो तो उसे मंच और अवसर मिल सकते हैं। ओडीओसी ऐसे ही लोगों को आगे बढ़ने का अवसर देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story