ओडीओपी योजना से विमला देवी के हुनर को मिला नया आयाम, कांच के मोतियों से बुना सफलता का नया अध्याय

WhatsApp Channel Join Now
ओडीओपी योजना से विमला देवी के हुनर को मिला नया आयाम, कांच के मोतियों से बुना सफलता का नया अध्याय


फिरोजाबाद, 29 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद एक उत्पाद‘ योजना ने फिरोजाबाद जिले की विमला देवी की जिंदगी में सफलता का उजाला भर दिया है, कभी आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव से जूझ रहा उनका कांच के मोतियों का व्यवसाय आज शासन की प्रोत्साहनकारी नीतियों के बल पर उत्तरोत्तर उन्नति कर रहा है। जिससे विमला देवी के जीवन में बड़े बदलाव आए है।

फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद शहर की रहने वाली की विमला देवी की कहानी संघर्ष, संयम, श्रम और हुनर का एक बेहतरीन उदाहरण है। विमला देवी और उनका परिवार लंबे समय से कांच के मोतियों के निर्माण के कार्य से जुड़ा था, हुनर और मेहनत में कोई कमी नहीं थी, परंतु पूंजी की अभाव में काम अक्सर रुक जाता था और व्यवसाय को निरंतरता के साथ चला पाना असंभव लग रहा था, परंतु तभी विमला देवी को सरकार की महत्वपूर्ण ‘एक जनपद-एक उत्पाद‘ योजना के विषय में जानकारी मिली, ‘एक जनपद-एक उत्पाद‘ योजना विमला देवी के परिवार के लिए वरदान साबित हुई। योजना के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से उन्हें आठ लाख की सब्सिडी (वित्तीय सहायता और ऋण प्रोत्साहन) प्राप्त हुआ, इस आर्थिक संबल ने उनके ठप पड़़ रहे काम में नई जान फूंक दी।

वित्तीय मदद मिलने के बाद विमला देवी ने अपने गृह उद्योग को नए सिरे से स्थापित किया। व्यवसाय में पति-पत्नी दोनों ने मिलकर कठोर श्रम किया, विमला देवी जहां घर पर निर्माण और उत्पादन की देखरेख करती हैं, वहीं उनके पति बाजार में विपणन और आपूर्ति का जिम्मा संभालते हैं। इस व्यवसाय से होने वाली बेहतर आय की बदौलत आज उनका परिवार न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर है, बल्कि वह अपने तीनों बच्चों को निर्वाद्ध रूप से अच्छी शिक्षा प्रदान कर पा रहे हैं।

विमला देवी का कहना है कि मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में जिले के छोटे उद्यमियों को सही दिशा और संबल मिल रहा है, यदि सरकार का यह सहयोग न मिलता तो हुनर होते हुए भी वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते। शासन की इस योजना में हम जैसे छोटे दस्तकारों को अपने पांव पर खड़ा होने का मौका दिया है, हमारे जैसे जो भी नागरिक अपने हुनर को पहचान कर आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना एक बेहतरीन मंच है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story