मुख्यमंत्री योगी ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात, कहा- अब यहां 'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा'

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात, कहा- अब यहां 'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा'


मुख्यमंत्री योगी ने मैनपुरी में लाभार्थियों को वितरित किए चेक, स्वीकृति पत्र व टूलकिट

मैनपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर 19 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से भी लाभान्वित किया। इस मौके पर उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए अपनी सरकार की विकास, कानून-व्यवस्था और किसान कल्याण की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि अब काेइ्र दंगा नहीं है और डबल इंजन की सरकार में चंगा ही चंगा है।

मंच पर स्वागत सत्कार हाेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज मुझे भारत की ऐतिहासिक और पौराणिक धरती पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ऐसी पवन धरा को नमन करने का मुझे अवसर प्राप्त हुआ है, यहां करहल और मैनपुरी की जनता को 111 परियोजनाओं का उपहार देने आए हैं और यहां के लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अनुजेश करहल समेत पूरे जिले के विकास के लिए चिंतित रहते हैं और विकास के प्रस्ताव लेकर आते हैं।

पहले मैनपुरी का नाम लेने से लोग घबराते थे

मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर करार प्रहार करते हुए कहा कि मैनपुरी के नाम से पहले लोग घबराते थे। स्थिति इतनी अधिक बिगड़ चुकी थी कि मैनपुरी के युवकों को बाहर शहरों में होटल में किराये पर रूम तक नहीं मिलता था। लेकिन यह स्थिति और पहचान का संकट आप सबके बीच के लोगों ने ही पैदा किया और बहू बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग अपनी बेटियों को पढ़ने के लिए बाहर भेजते थे। सपा के गुंडों ने जीना हराम कर रखा था। यही मैनपुरी में ही भाजपा नेता मदन चौहान की हत्या पेट्रोल पंप में घुसकर की गई थीं। हमने सरकार में आने के बाद ही प्रदेश को गुंडा-माफिया से मुक्त कराने का संकलप लिया था। आज यूपी में न कर्फ्यू है ना दंगा, सब कुछ चंगा ही चंगा है। सभी त्योहार खुशी से मनाए जा रहे हैं।

सपा को सिर्फ अपना परिवार पंसद है, जनता नहीं

मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष का नाम लिए बिना जमकर प्रहार किए। तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले वाले मुख्यमंत्री 12 बजे जागते थे, 2 बजे तैयार होते थे, 5 बजे जिम और 7 बजे मौज-मस्ती करते थे। पहले नौकरियां निकलती थीं तो सूची तैयार हो जाती थीं और नेता थैला लेकर वसूली के लिए निकल पड़ते थे सपा को सिर्फ अपना परिवार पंसद है, जनता नहीं। इससे मैनपुरी पिछड़ेगा तो प्रदेश भी पिछड़ेगा। लेकिन अब डबल इंजन की सरकार में ऐसा नहीं है। युवाओं को बिना पैसा दिए नौकरियां मिल रही हैं।

पहले कब्रिस्तान में लगता था पैसा

मुख्यमंत्री ने मैनपुरी के लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि आज आप देख रहे है कि पर्यटन और संस्कृति विभाग द्वारा मंदिरों में पैसा लगाया जा रहा है। पहले यह पैसा कब्रिस्तान में लगता था। पहले कांवड़ यात्रा को रोका जाता था, लेकिन आज कोई कांवड़ यात्रा को नहीं रोकता है। जब डबल इंजन की सरकार आई तो हमने कहा कि अब कांवड़ यात्रा धूम धड़ाके से निकलेगी। अब कोई भी यात्रा को नहीं रोक सकता है। आज मुझे आपके बीच में 682 करोड़ की योजनाओं को आपके देने का अवसर प्राप्त हुआ है। डबल इंजन की सरकार ने 292 करोड़ से शिकोहाबाद भोगांव मार्गदर्शन का चौड़ीकरण कराया जा चुका है। आज स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को योजना गतिमान है। ऑडिटोरियम सही अन्य कई योजनाए हैं जिनसे दोनों विधानसभा के लोगों को लाभ होगा। इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इनकाे मिला लाभ

पीएम आवास योजना (ग्रामीण)

शोभा देवी – आवास स्वीकृति पत्र

मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)

निशा देवी – घर की चाबी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (रिवाल्विंग फंड)

आरती व पूनम चौहान – 48 लाख रुपये का चेक (162 स्वयं सहायता समूह, मैनपुरी)

सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ)

रूबी व पूनम सक्सेना – 2.58 करोड़ रुपये का चेक (172 स्वयं सहायता समूह, मैनपुरी)

कैश क्रेडिट लिंकेज (सीसीएल)

अर्चना शाक्य व देवकी - 60 करोड़ रुपये का चेक (1000 स्वयं सहायता समूह, मैनपुरी)

मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना

मनाली सिंह – 10 लाख रुपये का चेक

ओडीओपी के अंतर्गत

अनुराधा – टूलकिट

उद्यान विभाग से पॉलीहाउस के लिए

शुभम वर्मा – 14,37,500 रुपये का चेक

उज्ज्वला योजना

छोटी बिटिया – एलपीजी कनेक्शन

प्रधानमंत्री सुमंगला योजना

आस्था वैश – 7 हजार रुपये का चेक व लैपटॉप

पलक यादव – 3 हजार रुपये का चेक व लैपटॉप

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना

अंजू कुमारी – 5 लाख रुपये का चेक

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना

राधे श्याम मिश्रा – आयुष्मान कार्ड (5 लाख रुपये तक मुफ्त उपचार)।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story