आठ सितंबर को मीरजापुर आ सकते हैं सीएम योगी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देंगे बड़ी सौगात

WhatsApp Channel Join Now
आठ सितंबर को मीरजापुर आ सकते हैं सीएम योगी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देंगे बड़ी सौगात


मीरजापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी आठ सितंबर को मीरजापुर दौरे की संभावनाओं को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने लगी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चंदईपुर स्थित विशाल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। यहां वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय का चेक और प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें सौगात दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों का खाका तैयार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम मुख्यमंत्री के आधिकारिक प्रोटोकॉल के जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। इसके अलावा अष्टभुजा डाक बंगले में लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से विंध्याचल मंडल और जनपद में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। इस दौरान प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की जानकारी ली जा सकती है।

अब मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है। आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी होने के बाद कार्यक्रम की तिथि, स्थान और अन्य गतिविधियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story