शास्त्री का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायी मिसाल : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
शास्त्री का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायी मिसाल : मुख्यमंत्री


लखनऊ, 01 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती की पूर्व संध्या पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत को अपने सरल, दृढ़ एवं यशस्वी नेतृत्व से नई दिशा प्रदान की।

लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री सादगी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता की प्रतिमूर्ति थे। वे महात्मा गांधी के स्वदेशी और स्वावलम्बन के विचारों के सच्चे अनुयायी थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के माध्यम से देश की सुरक्षा और अन्न उत्पादन को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जोड़ा तथा देशवासियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी के यशस्वी नेतृत्व में वर्ष 1965 के युद्ध में भारत ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश का नेतृत्व किया और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन सादगी, त्याग, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा आदर्श है, जो आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका जीवन हमें संकल्प, अनुशासन, परिश्रम और ईमानदारी के साथ देश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story