मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं


-‘होलिकोत्सव’ भारतीय संस्कृति का जीवन्त उत्सव, यह पर्व केवल रंगों का

नहीं, बल्कि परस्पर सम्मान, सौहार्द और सहयोग का प्रतीक : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रंगों के पावन पर्व ‘होली’ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ‘होलिकोत्सव’ भारतीय संस्कृति का जीवंत उत्सव है, जो सामाजिक समरसता, आत्मीयता, उत्साह और एकता की भावना को और सशक्त बनाता है। यह पर्व केवल रंगों का नहीं, बल्कि परस्पर सम्मान, सौहार्द और सहयोग का प्रतीक है।

रविवार को जारी अपने शुभकामना सन्देश में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विविधताओं से सम्पन्न उत्तर प्रदेश में हमारी साझा परम्पराएं और लोक-उत्सव समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हैं। ‘होली’ हमें द्वेष, भेदभाव और नकारात्मक प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर प्रेम, विश्वास और सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि त्योहार को हर्षोल्लास, शालीनता और मर्यादा के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें। सभी जिलों में सुरक्षा-व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि रंगोत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘होली’ का संदेश समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमन्द लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। त्योहार की सच्ची खुशी तभी सार्थक होती है जब वह सभी के जीवन में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों का उपयोग कर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को प्रोत्साहित करने की अपील की, ताकि प्रदेश के हस्तशिल्पियों और छोटे उद्यमियों के जीवन में खुशहाली के रंग भरे जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, रोजगार, सुरक्षा, सुशासन और सामाजिक सद्भाव के नए मानक स्थापित कर रहा है। ऐसे में ‘होली’ जैसा पर्व हमारे सामूहिक संकल्प को और दृढ़ करता है कि हम एक सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानजनक समाज का निर्माण करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पर्व प्रदेश में नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और सकारात्मक सोच का संचार करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story