भौतिक विकास की रफ्तार के साथ यूपी में वनाच्छादन का भी विस्तार : योगी आदित्यनाथ
- ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भगवानपुर टोल प्लाजा के समीप लगाया पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल, बरगद) का पौधा, ली सेल्फी
-आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे भी मुख्यमंत्री ने किया पौधरोपण, लगाया मौलश्री का पौधा
गोरखपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखपुर से एक दिन में 35 करोड़ रिकार्ड पौधरोपण के लक्ष्य वाले प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भगवानपुर टोल प्लाजा के समीप पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल, बरगद) का पौधा लगाया और सेल्फी भी ली। इसके बाद पौधरोपण महायज्ञ के उपलक्ष्य में गीडा सेक्टर 28 में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश में भौतिक विकास की रफ्तार तेज होने के साथ ही वनाच्छादन का भी विस्तार हुआ है। पौधरोपण महायज्ञ का शुभारंभ करने के बाद गोरखनाथ मंदिर वापस लौटते समय मुख्यमंत्री योगी ने आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे भी पौधरोपण किया। यहां उन्होंने मौलश्री का पौधा लगाया।
गीडा के सेक्टर 28 में हुए पौधरोपण महायज्ञ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी वृद्धि हुई है। एक्सप्रेसवे, हाईवे के साथ बड़े पैमाने पर सड़कों का जाल बिछा है। नए-नए उद्योग लगे हैं। शहरीकरण का दायरा बढ़ा है और नई-नई कॉलोनियां विकसित हुई हैं। भौतिक विकास में तेज योगदान देने वाले इस राज्य ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्पित प्रयासों से वनाच्छादन के विस्तार में भी सफलता प्राप्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती पर जब एक पेड़ उगता है तो वह सैकड़ो टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण करता है। उन्होंने बताया कि विगत नौ वर्षों में यूपी का वनाच्छादन बढ़ने से 6 करोड़ 37 लाख 74 हजार 130 टन कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषण तथा 4 करोड़ 63 लाख 90 हजार 130 टन ऑक्सीजन उत्सर्जन हुआ।
मौसम चक्र में परिवर्तन से कृषि उत्पादन पर होता है असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण पर मंडरा रहे संकट का प्रभाव मौसम चक्र पर भी पड़ा है। हाल के दिनों में जो बारिश शुरू हुई है, उसे 15 जून से प्रारंभ हो जाना चाहिए था। बारिश करीब महीने भर लेट है। जो बीज 15 जून तक लग जाना चाहिए था यदि उसे 15 जुलाई को लगाएंगे तो उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक अंतर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन से कभी गर्मी चरम पर पड़ रही है तो कभी सर्दी। दुनिया के अंदर लगातार ग्लोबल वार्मिंग की चेतावनी दी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में समुद्र के किनारे बहुत सारे शहर डूबने की स्थिति में होंगे तो कहीं जल का भीषण संकट भी हो जाएगा।
कांग्रेस सरकार में ब्लैक होते थे एलपीजी कनेक्शन, मोदी सरकार ने 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त में दिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के विजन से देश के अंदर 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन बांटे गए हैं जो पहले कांग्रेस की सरकार में ब्लैक होते थे। देश में 10 करोड़ परिवारों में माताओं, बहनों को रसोई के धुएं से मुक्ति मिली है। अकेले उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ परिवारों को यह लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेशनल सोलर अलायंस के अध्यक्ष के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को भी इसके बारे में आह्वान किया है। सीएम योगी ने बताया कि अयोध्या धाम प्रदेश की पहली सोलर सिटी बनी है। वहां जितनी भी स्ट्रीट लाइट जलती है, उसमें सोलर एनर्जी का इस्तेमाल किया जाता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म और ‘वानिकी कैलेंडर’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने किया पौध वितरण, कार्बन क्रेडिट के तहत किसानों को सौंपे प्रमाण पत्र
पौधरोपण महायज्ञ कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पौधों का वितरण किया। साथ ही उन्होंने कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के अंतर्गत खेत के किनारे अधिक पौधरोपण करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की लाभार्थी गीता देवी, मधुरा, इशरावती, शीला, कालिंदी को घर के सामने लगाने के लिए सहजन का पौधा भेंट किया। जबकि, कार्बन क्रेडिट योजना के तहत 700 से अधिक पौधरोपण करने वाले नरपति (कैम्पियरगंज गोरखपुर), 650 से अधिक पौधरोपण करने वाले अशफाक खान (देसही देवरिया), 800 पौधों का रोपण करने वाली रंजना देवी (हाटा कुशीनगर) और 850 पौधे लगाने के लिए अरविंद कुमार (पडरौना कुशीनगर) को मुख्यमंत्री के हाथों कार्बन क्रेडिट के लिए मिलने वाली रकम का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
पौधरोपण महायज्ञ के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में ग्रीनरी बढ़ी है। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल, प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, पौधरोपण महायज्ञ के लिए गोरखपुर के नोडल अधिकारी सुहास एलवाई, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, ब्लॉक प्रमुख दिलीप यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

