वर्तमान पीढ़ी को अतीत और बदलाव से अवगत कराएं प्रबुद्धजन : मुख्यमंत्री
गोरखपुर, 15 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के प्रबुद्धजन का आह्वान किया है कि वे वर्तमान पीढ़ी को देश व प्रदेश के अतीत और आज दिख रहे बदलाव से अवगत कराएं। नौजवानों को यह बताना होगा कि नौ-दस साल पहले प्रदेश में क्या हालात थे और आज क्या परिवर्तन आया है। प्रदेश को अव्यवस्था, अराजकता, कर्फ्यू, दंगा का अभिशाप देने वाले संगठनों के हाथों गुमराह होने से बचाने के लिए ऐसा करना बहुत आवश्यक है और जागरूकता की यह जिम्मेदारी प्रबुद्धजन को उठाने के लिए आगे आना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यना शुक्रवार को राप्तीनगर स्थित बिट्टू मैरिज हाउस में आयोजित ‘प्रबुद्ध संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। महानगर भाजपा के राप्तीनगर मंडल की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि तथा वंदे मातरम के सामूहिक गायन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजन से अपील की कि वे राज्य में दस वर्ष पूर्व के हालात और वर्तमान के परिवर्तन को चर्चा पर चर्चा का विषय बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज के युवा को जो 9-10 वर्ष पूर्व 11-12 साल का रहा होगा, उसे पूर्व स्थिति से अवगत नहीं कराएंगे तो वह भूल जाएगा कि तुष्टिकरण का खामियाजा क्या होता है। सीएम ने कहा कि 9-10 वर्ष पहले गुंडागर्दी, अराजकता, अव्यवस्था, कर्फ्यू, क्षेत्रीय दलों के शोषण का खामियाजा यह प्रदेश भुगत चुका है। युवाओं को आगाह करके उनके सामने ऐसी स्थिति पैदा नहीं होने देनी है। उन्होंने कहा कि क्षणिक स्वार्थवश नागरिकों के भविष्य से खिलवाड़ देशद्रोह है और यह छूट किसी संगठन या संस्था को नहीं दी जा सकती।
2017 के पूर्व दंगा, कर्फ्यू, अराजकता, व्यवस्था और भ्रष्टाचार ही थी यूपी की पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन से कहा कि आप सबने बदलते भारत बदलते उत्तर प्रदेश और बदलते गोरखपुर को देखा है। 2017 के पहले जब नौनिहाल पैदा होता था तो मां-बाप उसे इंसेफेलाइटिस से बचाने को लेकर चिंतित रहते थे। बच्चे के बड़ा होने पर पढ़ाई, नौजवान होने पर नौकरी और रोजगार की चिंता थी। रोजगार के लिए यूपी से बाहर जाने पर पहचान का संकट था। काम शुरू भी किया तो पता चलता था कि पुश्तैनी संपत्ति पर किसी ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में विकास बाधित था। बिजली, सड़क और रोजगार नहीं था। अन्नदाता किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी। व्यापारी गुंडा टैक्स देने को मजबूर था, चिकित्सक भयाक्रांत रहते थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। दंगा, कर्फ्यू, अराजकता, व्यवस्था और भ्रष्टाचार ही उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थी।
आज यूपी में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी
मुख्यमंत्री ने राज्य में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी है। आज बेटी, व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। यहां इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो चुका है। इस परिप्रेक्ष्य में गोरखपुर की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर का बंद पड़ा खाद कारखाना आज चल रहा है। गोरखपुर में एम्स संचालित है और पहले खुद बीमार रहा बीआरडी मेडिकल कॉलेज आज बेहतरीन सुविधाएं दे रहा है। गोरखपुर में हर तरफ फोरलेन की कनेक्टिविटी है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्ष में अकेले गोरखपुर में 15 हजार करोड रुपये के प्रोजेक्ट आए हैं और इतने ही लगने वाले हैं। 15 हजार करोड रुपये की औद्योगिक परियोजनाओं से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 हजार नौजवानों को अकेले गोरखपुर में नौकरी और रोजगार प्राप्त हुआ है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत दुनिया के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन से यह आह्वान भी किया कि वह नौजवानों को बताएं कि नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में क्या था और आज क्या बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11-12 वर्ष में बदलता हुआ भारत आज दुनिया के लिए प्रेरणा बना हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। सही दिशा में भारत की प्रगति दुनिया के अंदर शानदार प्रगतियों में गिनी जाती है। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण के लिए सोलर एनर्जी, सार्वजनिक वाहनों, ई वाहनों के उपयोग, कार पूलिंग जैसे उपायों पर अमल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सबको वर्तमान चुनौती के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।
पश्चिम बंगाल में कमल खिलने पर हर भारतीय खुश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम की तरफ भी लोगों का ध्यान आकृष्ट किया। कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल खिलने पर पूरा भारत खुशी से झूम उठा है। वहां अब सुरक्षा का नया वातावरण बन रहा है, इससे हर भारतीय खुश है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम अलग अलग राज्यों के निवासी हो सकते हैं लेकिन सबका भाव देश प्रथम ही होना चाहिए। यही भाव हम सबके जीवन का हिस्सा होना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की विरासत भी संवर रहा है और विकास का पहिया भी तेजी से घूम रहा है।
स्वागत संबोधन भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता और आभार ज्ञापन राप्तीनगर मंडल के अध्यक्ष प्रशांत विश्वकर्मा ने किया। इस आयोजन में राप्तीनगर मंडल के 11 वार्डों से आए प्रबुद्ध जनाें की सहभागिता रही। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक विपिन सिंह, राप्तीनगर वार्ड की पार्षद पूनम सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर राम नरेश धर दूबे, वरिष्ठ चिकित्सक राधा जीना, वरिष्ठ अधिवक्ता वशिष्ठ मिश्रा, वरिष्ठ व्यवसायी व समाजसेवी प्रमोद मातनहेलिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

