महानवमी अनुष्ठान : पांव पखारकर मातृशक्ति का वंदन करेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

WhatsApp Channel Join Now
महानवमी अनुष्ठान : पांव पखारकर मातृशक्ति का वंदन करेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर


गोरखपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नाथपंथ के विश्व प्रसिद्ध केंद्र गोरखनाथ मंदिर में आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। गोरक्षपीठ में महानवमी और विजयादशमी के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले दिव्य व भव्य अनुष्ठानों की रूपरेखा तैयार हो चुकी है।

शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर सोमवार (19 अक्टूबर) पूर्वाह्न गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कन्या पूजन का अनुष्ठान करेंगे। इस अवसर पर वह मातृशक्ति के पांव पखारकर नारी सम्मान के प्रति सनातन आस्था और परंपरा के संदेश को विस्तारित करेंगे। महानवमी के अगले दिन मंगलवार (20 अक्टूबर) को गोरक्षपीठ में विजयादशमी पर्व पर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार दिनभर अनुष्ठान का क्रम जारी रहेगा विजयादशमी पर्व पर शाम को गोरक्षपीठाधीश्वर की अगुवाई में भव्य पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शारदीय नवरात्र पर गोरक्षपीठ में शक्ति उपासना विशिष्ट होती है। नवरात्र की प्रतिपदा को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री ने विधि विधान से मंदिर के शक्तिपीठ में कलश स्थापना की थी। रविवार से वह पुनः मंदिर में प्रवास कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी महानवमी तिथि पर सोमवार को मां दुर्गा के नवम स्वरूप देवी सिद्धिदात्री की आराधना के उपरांत पूर्वाह्न 11 बजे बजे कन्या पूजन करेंगे। सनातन संस्कृति में नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान देने की परंपरा का प्रत्यक्ष दर्शन गोरक्षपीठ के इस अनुष्ठान में मिलता है। परंपरा के अनुसार गोरक्षपीठाधीश्वर मां दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारेंगे, उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत का तिलक लगा विधि विधान से पूजन करेंगे। पूरी श्रद्धा से भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद भी लेंगे। इस दौरान परंपरा के अनुसार बटुक पूजन भी किया जाएगा।

गुरु गोरखनाथ जी के पूजन से होगा विजयादशमी पर्व का शुभारंभ

मंगलवार को अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के महापर्व, विजयादशमी का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रातः 9:35 बजे से शिवावतार गुरु गोरखनाथजी का विशिष्ट पूजन कर किया जाएगा। श्रीनाथ जी के पूजन के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित समस्त देव विग्रहों का पूजन गोरक्षपीठाधीश्वर द्वारा किया जाएगा। अपराहन एक बजे से तीन बजे तक गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलकोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। अपराह्न चार बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की भव्य विजयादशमी शोभायात्रा निकलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story