(अपडेट ) साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की होती थी डकैती : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट ) साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की होती थी डकैती : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


(अपडेट ) साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की होती थी डकैती : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


-मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ों की खेती के लिए नियमों में होगा संशोधनः मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार काे गाेरखपुर के कैम्पियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन करने के साथ ही 792 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयाेजित समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 2017 के पहले की स्थिति और उसके बाद आए विकासपरक बदलाव की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि साइकिल वाली सत्ता में योजनाओं और विकास की डकैती होती थी जबकि आज प्रदेश में हो रहा विकास पीएम मोदी और कमल चुनाव चिह्न पर जनता के वोट की पहचान है। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ों की खेती के लिए नियमों में संशोधन किया जाएगा।

गुरुवार काे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में तीव्र विकास और कल्याणकारी योजनाओं का बिना भेदभाव लाभ इसलिए मिल रहा है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल चुनाव चिह्न पर विश्वास किया। यह विकास, कमल चुनाव चिन्ह पर जनता के वोट की पहचान है। मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकार पर तंज कसते हुए कहा, अन्यथा ये साइकिल वाले आते थे आपकी योजनाओं को खाते भी थे और रात्रि में डकैती भी डालते थे।

सपा शासन में मुख्यमंत्री को पीड़ितों की सुधि लेने की नहीं थी फुर्सत

मुख्यमंत्री ने बदलते गोरखपुर और बदलते उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी। लोग माफिया के नाम से गोरखपुर आना नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि यह वह सीजन होता था जब इंसेफेलाइटिस से मासूम बच्चे दम तोड़ते थे। उन्हें कोई पूछता नहीं था। समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही लेकिन एक भी बार उनके मुख्यमंत्री ने इंसेफेलाइटिस या किसी भी बीमारी से पीड़ित मासूम को देखने के लिए किसी हॉस्पिटल का दौरा नहीं किया। उन्हें इसके लिए फुर्सत ही नहीं थी।

आवास व राशन की सुविधा हड़प जाते थे सपा के गुंडे

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार में दलितों, वंचितों, पिछड़ी जाति के लोगों, वनटांगिया के लिए कोई योजना नहीं थी। तब आवास की योजना को सपा के छंटे-छंटाए गुंडे हड़प लेते थे। जनता का राशन, खाद्यान्न माफिया के रूप में कोई सपाई गुंडा या कोई कांग्रेसी दलाल हजम कर जाता था। पेंशन की सुविधा दलालों के हवाले थी। जबकि पिछले साढ़े नौ वर्ष में डबल इंजन की भाजपा सरकार ने प्रदेश में बिना भेदभाव 65 लाख परिवारों को एक-एक आवास की सुविधा दी है। वनटांगिया गांवों में पहले केवल झोपड़ी थी, आज पक्के मकान हैं, स्कूल हैं आंगनबाड़ी है। हर पात्र को पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड की सुविधा है। सरकार ने नौजवानों के लिए पीएम मुद्रा योजना और सीएम युवा उद्यमी स्कीम के अंतर्गत ब्याज मुक्त, गारंटी मुक्त लोन की सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य भी किया गया है।

अब सुविधा देने में ‘पिक एंड चूज’ नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो सबको नौकरी, रोजगार और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलता है। अब ‘पिक एंड चूज’ (दोहरा मापदंड) नहीं होता है। उन्होंने कहा कि आज खाद्यान्न माफिया रसातल में चले गए, जबकि जब ये माफिया हावी थे तो प्रदेश में गरीब का राशन खा जाते थे। आज कोई गरीब के राशन, पेंशन, छात्रों की छात्रवृत्ति में सेंध नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म लेने से लेकर उसके विवाह होने तक सरकार सुविधाएं दे रही है। बेटी की शादी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक लाख रुपये की सहायता प्रदेश सरकार की तरफ से उपलब्ध करवाया जा रहा है।

सपा शासन में गरीब की जमीन कब्जा कर कब्रिस्तान बनाने के लिए मिलता था पैसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में गरीबों की जमीन कब्जा कर कब्रिस्तान बनाने के लिए पैसा मिलता था जबकि भाजपा सरकार मंदिरों के कायाकल्प, महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए पैसा देती है। उन्होंने कहा कि 4500 से अधिक स्थानों पर मंदिरों का पुनरुद्धार और सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि, संतकबीर दास से जुड़ी हुई मूर्ति पार्क के सुंदरीकरण के लिए भी सरकार ने पैसा जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में लेहड़ा माई का मंदिर उपेक्षित था, उसे भव्य बना दिया गया है और वहां लाखों लोग दर्शन करने के लिए जाते हैं।

निषादराज और महाराज सुहेलदेव की विरासत को संजोया सरकार ने

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने निषादराज गुह्य और सुहेलदेव की विरासत को संजोया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता हजारों वर्ष पहले हुई थी। भगवान राम और निषादराज की मित्रता के प्रतीक को भाजपा की डबल इंजन सरकार ने भव्य रूप दिया है। अब श्रृंगवेरपुर में 56 फुट ऊंची भगवान राम और निषादराज की गले मिलती हुई प्रतिमा दिखाई देती है। इसी तरह बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया गया है। स्मारक इतना भव्य है कि सैफई सिंडिकेट उनके सामने फेल हो जाता है। उनके चेहरे एकदम पानी-पानी हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज सुहेलदेव का स्मारक बनाने की फुर्सत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को नहीं थी। उन लोगों को तो गाजी का मेला लगाना था। वे लोग गाजी के अनुयायी हैं, महाराज सुहेलदेव के अनुयायी नहीं हैं। सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकार के समय श्रृंगवेरपुर में निषादराज का जो किला था वहां पर भी एक गुलामी का चिह्न खड़ा कर दिया गया।

संजय निषाद की हत्या करवाना चाहती थी सपा

श्रृंगवेरपुर में निषादराज की स्मृतियों को जीवंत करने के लिए निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक बार तो समाजवादी पार्टी इनकी हत्या करवाना चाहती थी। उन्हें जेल में ठूंस दिया गया। सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘तब मैं सांसद था, मैंने आंदोलन कराया, फिर इनकी जमानत करवाई, इनको हॉस्पिटल पहुंचवाया। तब इनसे कहा भी, भाई ये सैफाई सिंडिकेट का कोई भरोसा नहीं, कुछ भी कर देगा आपके साथ।’

मुख्यमंत्री ने की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी में अगले सत्र से कक्षाएं शुरू करने की घोषणा

फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले सत्र से इस विश्वविद्यालय में क्लासेस (कक्षाएं) प्रारंभ कराई जाएंगी। कक्षाएं पहले किसी अन्य जगह चलाई जाएंगी, भवन का निर्माण एक समय सीमा के अंदर करने के साथ ही इस विश्वविद्यालय में तेजी से एडमिशन के साथ ही फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर, एग्रीकल्चर व अन्य कार्यों के लिए अनुसंधान की गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

शिक्षा, रोजगार और अन्नदाता की समृद्धि का माध्यम बनेगा वानिकी विश्वविद्यालय

प्रदेशवासियों को शुक्रवार को होने वाली देवोत्थान एकादशी की अग्रिम बधाई देने के साथ मुख्यमंत्री ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय को समयानुकूल आवश्यकता बताते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय शिक्षा, रोजगार और अन्नदाता की समृद्धि का माध्यम बनेगा। यहां सिल्वीकल्चर एंड एग्रोफॉरेस्ट्री की पढ़ाई होगी। बी.एस.सी., एम.एस.सी., पीएच.डी. की डिग्रियां भी दी जाएंगी और फिर फॉरेस्ट में यही लोग अधिकारी बनेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने का नहीं बल्कि इन अधिकारियों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में ट्रेनिंग का भी एक सेंटर बनेगा। यहां हॉर्टिकल्चर व टिशू कल्चर के अनुसंधान से किसानों की आय बढ़ाने के लिए केला, आलू, अन्य सब्जियों, आम, आंवला की नई प्रजातियां विकसित होंगी। अन्नदाता के प्रति अपने निजी लगाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौक माफी में गोरखनाथ मंदिर ने अपनी 70 एकड़ भूमि भारत सरकार को कृषि विज्ञान केंद्र खोलने के लिए दे रखी है। वह किसानों की ट्रेनिंग का बेहतरीन केंद्र बना है। वहां से अच्छे बीज उपलब्ध करवाए जाते हैं, अच्छी तकनीक की शिक्षा दी जाती है।

किसानों के लिए नियम में होगा संशोधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी ने कहा कि अगर कोई अन्नदाता किसान चाहता है कि फसल के साथ वो अपने खेत के मेड़ पर तेजी से बढ़ने वाले पेड़ की खेती करना चाहता है तो सरकार बहुत जल्दी नियम में संशोधन करने जा रही है। किसी हीला-हवाली के बिना किसान को मंजूरी मिलेगी कि आप 10 नए पेड़ लगाइए, उसका वेरिफिकेशन कराइए और काटने योग्य पुराने पेड़ को काट लीजिए । इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा सांसद,विधायक,मंत्री और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story