यूपी में 2017 से पहले नियुक्ति आयोग को बंधक बनाए हुए था सैफई सिंडिकेट : योगी आदित्यनाथ
-मुख्यमंत्री योगी ने वितरित किये नियुक्ति पत्र
लखनऊ, 11 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीएसएससी से राजस्व विभाग के लिए चयनित एक हजार 146 कनिष्ठ सहायकों को बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसके साथ ही कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत चार हजार 300 लाभार्थियों को 215 कराेड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब प्रतिभा को उसके अनुरूप कार्य नहीं मिलता था तो वह पलायन करती थी। प्रदेश का युवा देश और दुनिया को अपनी मेहनत का लाभ देता था। यूपी विपन्न रहता था। उसके साथ भेदभाव होता था। बिना सिफारिश, बिना लेन-देन कोई नियुक्ति नहीं होती थी। नियुक्ति आयोग बंधक बने थे। एक सिंडीकेट काम करता था जो सैफई सिंडीकेट था।
योगी ने कहा कि 2017 के पहले शासन में मुन्ना भाई बैठे थे। नियुक्ति प्रक्रिया में भी ऐसे ही होता था। परीक्षा कोई देता, नियुक्ति पत्र कोई और ले जाता था। शासन में शिकायत करते थे। ये पाप शासन ही करवाता था। फिर आप न्यायालय जाते थे। न्यायालय स्टे करता था। गलत काम करने वाला पैसा लेकर विदेशी बैंकों में जमा कर देता था। उनकी प्रॉपर्टी दुनिया में बढ़ती थी। यूपी का युवा ठगा जाता था।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को चलाने के लिए जितने अधिकारियाें- कर्मचारियों की जरूरत होती थी, उतने थे ही नहीं। 2017 में मैं गृह विभाग की बैठक ले रहा था। मुझे बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में ही डेढ़ लाख पद खाली हैं। उस समय की सपा सरकार ने दंगाइयों की काल मानी जाने वाली पीएसी बटालियन की 34 कम्पनियां समाप्त कर दी थीं। चार बार के सपा सरकार के कालखंड में 1500 दंगे हुए थे। आपने इस बार देखा होगा कि धनतेरस की बाजारों में चहल-पहल थी। आपने अयोध्या दीपोत्सव देखा होगा, दीपावली मनाई होगी। 2017 के पहले कोई भी त्योहार आता था, होली दीवाली, जन्माष्टमी, गुरुपर्व हो, इनसे पहले दंगे शुरू हो जाते थे। कर्फ्यू लग जाते थे। कर्फ्यू लग जाये तो कौन खरीदारी करेगा। आपने देखा होगा। यूपी में पिछले साढ़े नौ वर्ष में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा'।
योगी ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव आपने देखा होगा। आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं, इससे प्रदूषण हो गया। अरे हमने कहा कि प्रदूषण हो गया, वह समाप्त भी हो जाएगा, काहे चिंता कर रहे हो। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनको कोई बोलता नहीं और अगर लोग एक दिन पटाखा, आतिशबाजी कर लें तो प्रदूषण हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हुआ तो समाप्त भी हो जाएगा, वो समस्या नहीं है। अच्छा किया लोगों ने, बहुत धूमधाम और धड़ाके के साथ दीपावली मनाई। खूब आतिशबाजी की और हम लोगों ने कहा, कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे, खूब आतिशबाजी हुई। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था। जब गलत होता है उसको नहीं, लेकिन पर्व और त्योहार में कोई खुशी मनाता है तो लोगों को तब पॉल्यूशन याद आने लगता है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैंने कहा था अगले छह महीने के अंदर यानी 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नियुक्तिपत्र और देंगे। उसी समय सैफई सिंडीकेट के सरगना की ओर से एक बयान आया कि नियुक्ति पत्र और कब देंगे ? तो मैंने कहा कि अगर गिनती आती हो तो गिनते रहो। वैसे भी जब हम नियुक्तिपत्र वितरित करते हैं तो उनके सोने का समय होता है। बड़े घर के लोग हैं। हो सकता है दीपावली के समय महाभारत के सारे रिश्ते मिलते हैं तो जुआ हो ही जाता है। जुआ खेलेंगे तो रात में देर हो ही जाएगी। देर से जगना भी होगा, तो उन्हें पता ही नहीं होता कि नियुक्ति पत्र वितरित हो गए, उन्हें याद नहीं रहता होगा !
योगी ने कहा कि जब हम लोग आए थे 2017 में, तो समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी की विरासत से हमें 34 लाख राजस्व के मुकदमे मिले थे। अब तक राजस्व विभाग के माध्यम से, विभिन्न राजस्व न्यायालयों के माध्यम से हम लोगों ने जो वाद निस्तारित किए हैं, उनकी संख्या 37 लाख 81 हजार 363 है। पिछली सरकार विवाद को खड़ा करती थी। समाधान नहीं निकालती थी। हमने समस्या का समाधान निकाला है। औसतन हर माह, तीन लाख 78 हजार मामले हर महीने निस्तारित हो रहे हैं।
यह सत्यनिष्ठा का परिणाम है कि नियुक्ति पत्र आज आपको प्राप्त हो रहा है। यह उसी सत्यनिष्ठा का परिणाम है कि हम लोगों ने सिंडिकेट को तोड़ा है। उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी है। उसके हर गुर्गे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। तब यूपी के अंदर हर परीक्षा का परिणाम पारदर्शी तरीके से, समयबद्ध तरीके से घोषित हो जा रहे हैं । इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

