मुख्यमंत्री योगी ने धनतेरस की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी ने धनतेरस की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं


लखनऊ, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की है।

मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार को जारी अपने सन्देश में कहा कि धनतेरस सनातन हिन्दू धर्म की समृद्ध परम्परा और लोक-आस्था से जुड़ा पावन पर्व है। यह पर्व हमें जीवन में आरोग्य, सुख-समृद्धि और सन्तुलन के महत्व का स्मरण कराता है। भारतीय संस्कृति में धन को लोकमंगल और समृद्धि का माध्यम माना गया है। धनतेरस का पर्व इसी जीवन-दृष्टि को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। यह भगवान धन्वंतरि की जयन्ती का भी पावन अवसर है, जो आरोग्य और आयुर्वेद की महान भारतीय परम्परा के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सुखी, सार्थक और सक्रिय जीवन का आधार है। परिवार की प्रसन्नता और समाज की उन्नति भी स्वस्थ जीवन से जुड़ी है। भगवान धन्वंतरि की आराधना के साथ यह पर्व हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और निरोगी जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का सन्देश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसामान्य के जीवन में सुख-समृद्धि लाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही विकास के ऐसे अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिनसे समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान धन्वंतरि की कृपा से प्रत्येक परिवार में आरोग्य, सुख और समृद्धि का वास हो। धनतेरस का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रसन्नता एवं नई आशा का संचार करे तथा उत्तर प्रदेश विकास और समृद्धि के पथ पर निरन्तर अग्रसर रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story