खराब मौसम भी नहीं रोक सका जनसैलाब, मुख्यमंत्री की सभा में उमड़ी भारी भीड़
बाराबंकी, 20 जुलाई (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में साेमवार काे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान खराब मौसम भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सका। आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बूंदाबांदी के बावजूद सुबह से ही सभा स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। मुख्यमंत्री के संबोधन तक पूरा पंडाल और आसपास का क्षेत्र लोगों से खचाखच भर गया।
रामनगर के अलावा दरियाबाद, फतेहपुर, सिरौलीगौसपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भी अच्छी भागीदारी रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने पूरे उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और विकास परियोजनाओं की घोषणाओं का स्वागत किया।
प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रही। खराब मौसम के बावजूद उमड़ी भारी भीड़ ने कार्यक्रम को जिले की बड़ी राजनीतिक सभाओं में शामिल कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

