मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को आएंगे मीरजापुर, मां विंध्यवासिनी के करेंगे दर्शन-पूजन
मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 08 जुलाई को मीरजापुर जिले के दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने शनिवार काे बताया कि जनपद दौरे पर मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विंध्याचल मंडल के अंतर्गत संचालित विभागीय योजनाओं तथा नए एवं पुराने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थानीय स्तर पर संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। उनके संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

