मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं


लखनऊ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की है।

मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को जारी अपने संदेश में कहा कि भारतीय सनातन धर्म परम्परा में माँ दुर्गा की उपासना का प्राचीन काल से ही अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थान रहा है। माँ दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं। वे चराचर जगत की आदिशक्ति हैं, जिनके अनन्त स्वरूप सृष्टि के संचालन और लोककल्याण से जुड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष में दो बार आयोजित होने वाला नवरात्र पर्व मातृशक्ति के प्रति भारतीय समाज की आस्था और सम्मान का प्रभावी प्रतिनिधित्व करता है। यह पर्व हमें शक्ति, साधना, संयम, सेवा और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां भगवती की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी के जीवन में मंगल की कामना की जाती है।

उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र के दौरान प्रदेश के देवी मन्दिरों, शक्तिपीठों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुँचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिगत मन्दिर परिसरों में सुगम दर्शन, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे मन्दिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा नवरात्र पर्व को श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्द के साथ मनाएं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। मां भगवती की कृपा से प्रदेश में सामाजिक समरसता, सद्भाव और लोककल्याण की भावना और सुदृढ़ हो तथा उत्तर प्रदेश निरन्तर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े, यही मंगलकामना है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story