बलरामपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 192 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 192 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ


बलरामपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में गुरुवार को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत माया होटल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय निकायों से आए 192 पात्र जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों और पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुआ ।

कार्यक्रम में बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।

विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता मिलने के साथ सामाजिक समरसता और सादगीपूर्ण विवाह को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पात्रता सुनिश्चित करने और लाभार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रदेश सरकार प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता प्रदान करती है। इसमें वधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये, 25 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाने का प्रावधान है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story