मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधे 337 जोड़े

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधे 337 जोड़े


फिरोजाबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को 337 जोड़े परिणय सूत्र में बंधें तो गंगा-जमुना तहजीब का यह अनुपम दृश्य हर किसी के दिल को छू गया। जहां एक और गूंजते वेद मंत्रों, संस्कृत के श्लोक और संगीत के मधुर स्वरों के बीच हिंदू जोड़ो ने फेरे लिए, वहीं दूसरी ओर पवित्र आयतों की तिलावत के साथ निकाह की रस्म पूरी हुई।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन ने पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ इन बेटियों के विवाह का आयोजन संपन्न कराया, ताकि उनके जीवन में खुशियों का नया सवेरा आ सके और वह सम्मान पूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।

इस भव्य आयोजन में 274 हिंदू परिवार की बेटियों का विवाह कराया गया, जबकि 63 मुस्लिम परिवारों की बेटियों का निकाह संपन्न हुआ। सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख धनराशि की व्यवस्था की गई है, जिसमें 64 हजार सीधे कन्या के खाते में जमा किए जाएंगे, जबकि 21 हजार की उपहार सामग्री प्रदान किए जाते हैं, शेष धनराशि कार्यक्रम के आयोजन, भोजन तथा टेंट पंडाल आदि की व्यवस्था में खर्च की जाती हैं।

इस मांगलिक अवसर पर टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से उन गरीब माता-पिता की चिंता दूर हुई है जो अपनी बेटियों व बच्चों की शादी के खर्च को लेकर परेशान रहते थे। हमारी सरकार का यह प्रयास है कि गरीब बेटियों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव उपस्थित हो।

मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि आज 337 जोड़ों ने दंपति जीवन में प्रवेश किया है इसलिए मैं उनके नवजीवन के लिए उन्हें बधाई देता हूं। मेरी यह उम्मीद है कि नव दंपति अपने जीवन में सद्भाव और सहयोग के साथ जीवन यापन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story