रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी ने ग्रीन कॉरिडोर का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी ने ग्रीन कॉरिडोर का किया लोकार्पण


लखनऊ, 13 मार्च (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊवासियों को अनमोल उपहार दिया है। राजधानी के लोगों को 1519कराेड़ रुपये की लागत वाले ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लाेकार्पण किया है। यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे व चौथे चरण का शिलान्यास किया। तीसरे चरण के अंतर्गत समतामूलक चौक से शहीद पथ व चौथे चरण के अंतर्गत शहीद पथ से किसान पथ तक का निर्माण होगा।

लोकार्पण के उपरांत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती तट स्थित झूलेलाल वाटिका पर जनसभा को भी सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अटल जी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने का कार्य प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री के मार्गदर्शन में हम सब प्रदेश भर में लागू कर रहे हैं। प्रदेश की राजधानी का स्वरूप कैसा होना चाहिए,लोगों का जीवन सुगम कैसे बने,सरलतापूर्वक लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में कैसे मदद मिले, यह सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि हमने रक्षामंत्री के विजन को लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंपा। मैं लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम को धन्यवाद दूंगा जिन्हें हमने शासन से धनराशि नहीं दी थी, बल्कि उन्होंने शासन की जिस भूमि पर कब्जा हुआ था, उस कब्जे को मुक्त करते हुए उससे पैसा बनाया और अब 1618 करोड़ की लागत को अपने हाथ में लेकर लखनऊ की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का काम किया है। इसके पहले 02 फेज आज समर्पित किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी राज्य की राजधानी कैसी होनी चाहिए, आज हमारा लखनऊ उसका एक बेहतरीन उदाहरण बना है। आज लखनऊ में देश और दुनिया के तमाम अतिथि आते हैं, वे बोलते हैं कि लखनऊ अच्छा शहर है। वे अब कहते हैं कि लखनऊ में साफ़-सफाई है। लखनऊ ने कुछ नया करके दिखाया है और वास्तव में अब मुस्कराइए कि आप लखनऊ में हैं, इसका एक प्रतीक बन चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story