बहन-बेटियों के साथ इज्जत से पेश आओ, वरना अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते मिलेंगे : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
बहन-बेटियों के साथ इज्जत से पेश आओ, वरना अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते मिलेंगे : योगी आदित्यनाथ


बहन-बेटियों के साथ इज्जत से पेश आओ, वरना अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते मिलेंगे : योगी आदित्यनाथ


देवरिया, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया जनपद के भीमपुर पोखरभिंडा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार या अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मंच से चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “बहन-बेटियों के साथ इज्जत से पेश आओ, वरना अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते मिलेंगे।” मुख्यमंत्री के इस बयान पर सभा स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री याेगी 655 कराेड़ की 19 परियाेजनाओं का लाेकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बना है। अपराध करने वालों में कानून का भय दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला हेल्पलाइन, फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना और पुलिस गश्त जैसी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज में मर्यादा और संस्कार बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है। समाज तभी मजबूत होगा जब मातृशक्ति सुरक्षित और सम्मानित होगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सुरक्षा और सुशासन पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। मुख्यमंत्री ने 116.54 करोड़ रुपये लागत की आठ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देवरिया-कसया मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 292.07 करोड़ रुपये, देवरिया-हाटा मार्ग के चैनेज 2.00 से 22.00 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 74.47 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल रही। मुख्यमंत्री ने इन दोनों प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।

पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में कुल 475.10 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें 25.86 करोड़ रुपये लागत की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 449.24 करोड़ रुपये लागत की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में 66.55 करोड़ रुपये लागत की दो परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 16.39 करोड़ रुपये लागत की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। देवरिया विधानसभा क्षेत्र में 97.41 करोड़ रुपये की सात परियोजनाएं शामिल हैं। उनमें 24.13 करोड़ रुपये लागत की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और 73.28 करोड़ रुपये लागत की चार परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया तथा जनता को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में अपराध और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया, सदर सांसद, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story