मुख्यमंत्री ने बुद्ध पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने बुद्ध पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं


लखनऊ, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन और उनका संदेश सम्पूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने अहिंसा, करुणा और मैत्री के जिन मूल्यों का प्रतिपादन किया, वे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और विश्व को शान्ति एवं सद्भाव की दिशा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में भगवान बुद्ध के विचार मानवता को सन्तुलन, सहिष्णुता और परस्पर सम्मान की सीख देते हैं। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सत्य, आत्मसंयम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उनके उपदेश हमें लोभ, मोह और क्रोध से दूर रहकर विवेकपूर्ण एवं सन्तुलित जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम सभी भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें तथा एक शान्तिपूर्ण, समरस और सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story