काशी प्रांत में स्वयंसेवकों ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
काशी प्रांत में स्वयंसेवकों ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान


वाराणसी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने काशी प्रांत में पर्यावरण संयोजक कृष्ण मोहन के नेतृत्व में रविवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। काशी प्रांत में वाराणसी विभाग सहित दूसरे भाग और विभाग की शाखाओं पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छता कार्य किया। स्वयंसेवकों ने शाखा स्थल को साफ सुथरा बनाने के लिए श्रम किया।

काशी प्रांत के पर्यावरण संयोजक और प्रचारक कृष्ण मोहन ने बताया कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि स्वच्छता को संस्कार, सामाजिक नागरिक कर्तव्य या दायित्व और जन भागीदारी से जोड़ना भी है। भारतीय परंपरा में प्रकृति, जलस्रोतों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। वर्तमान समय में सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग को कम करना और सार्वजनिक स्थलों को प्रदूषण से मुक्त रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रचारक कृष्ण मोहन ने बताया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सामाजिक परिवेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से सफाई, पर्यावरण संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देना है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बने, तभी स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का लक्ष्य साकार हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story