जनगणना की पहली परीक्षा में चुनार ने दिखाई रफ्तार, स्वगणना पूरी कराने वाले पांच कर्मी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना की पहली परीक्षा में चुनार ने दिखाई रफ्तार, स्वगणना पूरी कराने वाले पांच कर्मी सम्मानित


मीरजापुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। जनगणना की तैयारियों को गति देने में चुनार नगरपालिका के कर्मचारियों ने जिम्मेदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है। स्वगणना अभियान में बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन ईबी में निर्धारित कार्य पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाने वाले दो प्रगणकों और नगरपालिका के तीन वसूली कर्मचारियों को अधिशासी अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही दूसरे कर्मचारियों से भी इसी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ लक्ष्य पूरा करने की अपेक्षा जताई।

नगर पालिका परिषद चुनार में जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या के आधार पर कुल 82 इबी बनाए गए हैं। सभी ईबी में वर्तमान में स्वगणना का कार्य कराया जा रहा है। इसमें ईबी संख्या 30, ईबी संख्या 67 की सब ईबी-02 और ईबी संख्या 006 की सब ईबी-02 का कार्य पूरा हो चुका है। स्वगणना अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रधानाध्यापक अश्वनी कुमार द्विवेदी, प्राथमिक विद्यालय सरैयां सिकंदरपुर और सहायक अध्यापक अनीता यादव, कंपोजिट विद्यालय धरौहरा को सम्मानित किया गया। इनके साथ नगरपालिका के वसूली कर्मचारी सैफ अली, चंदन कुमार और यश विश्वकर्मा को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

अधिशासी अधिकारी ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने और निर्धारित समय सीमा में स्वगणना का लक्ष्य पूरा कराने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story