बस्ती में पहुंचा चिंकारा का बच्चा, ग्रामीण ने सुरक्षित वन विभाग को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
बस्ती में पहुंचा चिंकारा का बच्चा, ग्रामीण ने सुरक्षित वन विभाग को सौंपा


मीरजापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज वन रेंज के देवहट गांव में शुक्रवार को जंगल से भटककर चिंकारा हिरन का करीब तीन महीने का मादा बच्चा धरकार बस्ती में पहुंच गया। बस्ती में हिरन के बच्चे को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे कौतूहल से देखा, लेकिन किसी ने उसे नुकसान नहीं पहुंचाया।

गांव निवासी बृजलाल ने चिंकारा के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन रेंज कार्यालय पहुंचकर वन दरोगा कुमार कार्तिकेय को सौंप दिया। वन दरोगा ने बताया कि बच्चा झुंड से बिछड़कर बस्ती में आ गया था। उसकी सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल वन रेंज कार्यालय में रखकर देखभाल की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जब बच्चा खुद चारा खाने लगेगा, तब उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन दरोगा ने वन्यजीव को सुरक्षित सौंपने के लिए ग्रामीण बृजलाल की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story