उप्र में चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस ने छेड़ा चेकिंग अभियान, 13 लोग गिरफ्तार
--अभियान के तहत पुलिस ने 117 गोदाम और करीब 12000 दुकानों की जांच की, दर्ज किए नामजद समेत 14 मुकदमे
लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे के भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस विभाग की ओर से प्रदेश भर में चलाए गए अभियान के तहत 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध 117 मांझा गोदामों में छापेमारी की है। इसके साथ ही लगभग 12 हजार दुकानों की जांच की गई है। इस मामले में 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में चाइनीज मांझे के निर्माण, भण्डारण एवं सिंथेटिक मांझा/सीसा लेपित/ नायलॉन पतंग डोरी के भण्डारण, उपयोग एवं बिक्री पर रोक लगाया गया है। इसके बाद भी जानलेवा साबित हो रहा चाइनीज मांझा की बिक्री कई जगहों पर देखी जा रही है। इसकी पूरी तरह से रोकथाम के लिए आज प्रदेश भर की पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी कर जांच की। इस अभियान के तहत कुल 117 गोदामों एवं 11,899 दुकानों को चेक किया गया। अभियान के अन्तर्गत की गयी चेकिंग में भारी मात्रा में अवैध सिंथेटिक मांझा-शीशा लेपित नायलान पतंग डोरी की बरामदगी की गई। बरामद मांझे की अनुमानित कीमत 1,93,960 रुपये बताई जा रही है।
इस अभियान के तहत कुल 14 अभियोग पंजीकृत किये गये हैं। इन पंजीकृत अभियोगों में 13 व्यक्ति नामजद तथा एक व्यक्ति प्रकाश में आया है। कुल 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी मुख्यालय से दी जानकारी में बताया गया कि प्रदेश के समस्त पुलिस आयुक्त एवं समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, प्रभारी जनपदों को चाइनीज मांझा एवं इससे जुड़े अन्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

