खेलते-खेलते पानी से भरी नाद में गिरे मासूम बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
खेलते-खेलते पानी से भरी नाद में गिरे मासूम बच्चे की मौत


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। संतनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में रविवार शाम एक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी से भरी नाद में गिरने से मौत हो गई।

गांव निवासी शिव कुमार का डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रियांशु अपने भाई-बहनों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां राजमती घरेलू कार्य के लिए घर के अंदर चली गईं। उधर, शिव कुमार भैंस को चारा देने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि प्रियांशु पानी से भरी नाद में गिरा पड़ा है।

यह दृश्य देखते ही परिजन घबरा गए और आनन-फानन में बच्चे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां राजमती का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। गांव में भी घटना से शोक की लहर दौड़ गई। देर रात परिजन ने गमगीन माहौल में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

इस संबंध में संतनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story