पानी भरे गड्ढे में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत
- घर से 150 मीटर दूर मिला स्कूल बैग, तलाश के दौरान गड्ढे में मिला शव
मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मड़िहान तहसील क्षेत्र के बभनी थपनवा गांव में शनिवार को पानी भरे गड्ढे में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक गांव निवासी संतोष का छोटा पुत्र लक्ष्मण था।
परिजन के अनुसार शनिवार सुबह लक्ष्मण अपने बड़े भाई दिव्यांश के साथ घर से निकला था। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। मां रंजना देवी पड़ोसियों के साथ खोजबीन करते हुए घर से करीब 150 मीटर दूर पहुंचीं, जहां सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में बच्चे का स्कूल बैग तैरता मिला। ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश की तो लक्ष्मण पानी में डूबा मिला।
परिजन उसे सीएचसी मड़िहान ले गए, जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बच्चे की मौत डूबने से हुई है। पटेहरा सीडीपीओ रामनिवास ने बताया कि जिउतिया पर्व के कारण शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्र बंद था। मृतक के पिता दिल्ली में स्कूल बस चलाते हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

